-द्वितीय चरण की पांच पंचायत समितियों में नाम वापसी के बाद स्थिति स्पष्ट
-तृतीय चरण में पहले दिन चाकसू में 2 अभ्यर्थियों ने दाखिल किए नामांकन
जयपुर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर जिले में निर्वाचन प्रक्रिया जारी है। द्वितीय चरण में पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 247 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में रह गए हैं, जबकि तृतीय चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि द्वितीय चरण में पांच पंचायत समितियों के कुल 81 वार्डों के लिए 347 अभ्यर्थियों ने कुल 371 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। संवीक्षा के बाद 93 नामांकन पत्र अस्वीकृत तथा 5 नामांकन पत्र डिस्कार्ड किए गए। इसके बाद 273 वैध अभ्यर्थियों में से 26 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिया। इस प्रकार नाम वापसी के बाद कुल 247 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। पंचायत समिति अमरसर में 49, आमेर में 66, जालसू में 49, रामपुरा डाबड़ी में 41 तथा शाहपुरा में 42 अभ्यर्थी चुनाव लड़ेंगे।
उन्होंने बताया कि तृतीय चरण में चाकसू, कोटखावदा, माधोराजपुरा, फागी एवं सांगानेर पंचायत समितियों के कुल 77 वार्डों में पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए निर्वाचन होना है। नामांकन के पहले दिन चाकसू पंचायत समिति में 2 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए, जबकि शेष चार पंचायत समितियों में कोई नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि द्वितीय चरण में पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान दलों का प्रस्थान 27 अक्टूबर को होगा तथा मतदान 28 अक्टूबर 2026 को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक आयोजित किया जाएगा। पंच एवं सरपंच पदों के लिए नामांकन 29 अक्टूबर को होंगे तथा मतदान 30 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा। उपसरपंच का चुनाव 31 अक्टूबर को होगा।
तृतीय चरण के लिए पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर निर्धारित है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 24 अक्टूबर को होगी तथा अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 26 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित है। नाम वापसी के तुरंत बाद चुनाव चिह्न आवंटित कर अभ्यर्थियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।
तृतीय चरण के लिए मतदान दलों का प्रस्थान 2 नवंबर को होगा तथा जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान 3 नवंबर 2026 को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा। पंच एवं सरपंच पदों के लिए नामांकन 4 नवंबर को होंगे तथा मतदान 5 नवंबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक आयोजित किया जाएगा। उपसरपंच का चुनाव 6 नवंबर को होगा।
जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के सभी चरणों के मतों की मतगणना 20 नवंबर 2026 को प्रातः 8 बजे से श्री भवानी निकेतन फार्मेसी कॉलेज परिसर में की जाएगी।
पंचायतीराज आम चुनाव के द्वितीय चरण में 247 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में, तृतीय चरण के नामांकन शुरू


