जयपुर। नगरीय निकाय चुनाव 2026 के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी (म्युनिसिपल) एवं जिला कलक्टर संदेश नायक द्वारा दिनांक 26 एवं 27 अगस्त को मतदान दलों के प्रशिक्षण का कार्यक्रम जेएलएन मार्ग स्थित चार प्रशिक्षण संस्थानों पर आयोजित करवाया गया। इस प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहे कार्मिकों को एक अंतिम मौका प्रदान करते हुए दिनांक 01 सितम्बर को इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान, जेएलएन मार्ग, जयपुर में प्रशिक्षण आयोजित करवाया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उक्त दोनों प्रशिक्षणों में अनुपस्थित 09 कार्मिकों की अनुपस्थिति का संतोषजनक कारण उपलब्ध नहीं होने से लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 एवं राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) 1958 के नियम 17 के तहत चार्जशीट दी गई है। साथ ही निर्वाचन जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के विरुद्ध भविष्य में भी ऐसी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी तथा कार्मिकों का संतोषप्रद जवाब नहीं मिलने की स्थिति में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 134 (1A) के तहत कार्यवाही की जाकर मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जयपुर जिले की 18 नगर पालिकाओं के लिए दिनांक 08 सितम्बर एवं नगर निगम जयपुर के लिए 10 सितम्बर को सीकर रोड, जयपुर स्थित भवानी निकेतन महाविद्यालय से मतदान दल रवाना होकर क्रमशः 09 एवं 11 सितम्बर को अपने-अपने निर्धारित मतदान केन्द्रों पर चुनाव सम्पन्न कराएंगे।
चुनाव ड्यूटी प्रशिक्षण में अनुपस्थित 09 कार्मिकों को जिला निर्वाचन अधिकारी ने थमाई 17 सीसीए की चार्जशीट

