जयपुर। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि राजस्थान के नगरीय निकायों में जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की डबल इंजन सरकार को आशीर्वाद दिया है।
उन्होंने कहा कि 200 से अधिक नगरीय निकायों में भाजपा को जीत मिली है। इस जीत का सेहरा हमें मिला है, तो हमे जनता की सेवा करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह के सपने के अनुरूप हम पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक भगवा लहर के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भाजपा की निरन्तर जीत पर प्रश्न उठाने वाले विपक्ष को करारा जवाब देते हुए कहा कि कुछ लोग पूछते हैं कि भारतीय जनता पार्टी की सरकारों में लगातार प्रो-इंकम्बेंसी क्यों होता है? विपक्ष के नेता राहुल गांधी पूछते है कि क्यों भाजपा की सरकारें लगातार आती हैं? क्योंकि गांव से लेकर कस्बों तक भाजपा सरकार की योजनाएं और विकास के रथ चल रहे है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों के समय में दिल्ली से 1 रुपया चलता था और पूर्व प्रधानमंत्री और आपके पिताजी कहते थे कि मात्र 15 पैसा ही जनता के पास पहुंचता था। लेकिन हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यह सुनिश्चित किया कि दिल्ली से 1 रुपया चलेगा तो सीधे गरीब के खाते में पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा नारी शक्ति वंदन अधिनियम को पास करवाकर माता-बहनों को उनका हक दिलाएगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के लोग कहते थे कि राजस्थान में वन स्टेट-वन इलेक्शन नहीं हो पाएगा। लेकिन आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हम ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में निकायों का ट्रिपल इंजन जुड़ गया है। आने वाले पंचायत चुनाव में भी हम ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा की जीत से कांग्रेस के लोग बौखलाए हुए हैं, किस तरह की भाषा बोल रहे हैं। लेकिन सब जानते है कि आपने बसपा के साथ क्या किया और लक्ष्मणगढ़ में प्रधान को बनने से कैसे रोका? आप लोग समझ लें कि राजस्थान में कानून का राज चलेगा। आपकी मनमानी चलने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में सिमटती जा रही है। कुछ राज्यों में ही बची है। आने वाले समय में वहां से भी साफ हो जाओगे।
इस अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने पंचायत चुनावों में प्रचार-प्रसार करने के लिए 90 रथों को रवाना किया। साथ ही, उन्होंने चयनित नगरीय निकाय प्रमुखों को भी सम्मानित किया।
कांग्रेस के लोग बौखलाए हुए हैं, पर राजस्थान में कानून का राज चलेगा- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा


