पंकज शर्मा, महाप्रबंधक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई स्वच्छता की शपथ
जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे, मुख्यालय पर गुरुवार दिनांक 17 सितम्बर 2026 को “स्वच्छता ही सेवा” अभियान-2026 का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का आयोजन 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2026 तक “स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” की थीम पर किया जा रहा है।
पंकज शर्मा महाप्रबंधक उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा प्रधान कार्यालय, जयपुर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता को अपने दैनिक कार्य एवं जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि यात्रियों को बेहतर एवं स्वच्छ यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों तथा अन्य रेलवे परिसरों में स्वच्छता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति सामूहिक सहभागिता एवं जन-जागरूकता को और अधिक बढ़ावा दिया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत उत्तर पश्चिम रेलवे के चारों मंडलों, कारखानों, स्टेशनों , अधीनस्थ कार्यालयो, रेलवे कॉलोनियों एवं रेल परिसरों में 17–18 सितम्बर को “स्वच्छ पाठशाला – युवा फॉर स्वच्छता”, 19–20 सितम्बर को स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों (CTUs) एवं Garbage Vulnerable Points का रूपांतरण, 21–22 सितम्बर को “स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी एवं स्वच्छ पब्लिक”, 23–24 सितम्बर को जनभागीदारी Advocacy – SWM Rules 2026 कचरे का पृथक्करण, कम्पोस्टिंग तथा “Say No to Plastics”, 25–26 सितम्बर को “स्पोर्ट्स फॉर स्वच्छता” एवं पोस्ट-इवेंट क्लीनलिनेस, 27 सितम्बर को “क्लीन टूरिस्ट एवं हेरिटेज रेलवे साइट्स”, 28–29 सितम्बर को “स्वच्छता से समृद्धि”, 30 सितम्बर को “सफाई मित्र सुरक्षा सेवा एवं सम्मान शिविर”, 1 अक्टूबर को “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” एवं 2 अक्टूबर को “स्वच्छ भारत दिवस” कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान का उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों के साथ-साथ यात्रियों एवं आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छता को जनभागीदारी का स्थायी स्वरूप प्रदान करना है।
उत्तर पश्चिम रेलवे “स्वच्छता ही सेवा” अभियान में यात्री सेवा और बेहतर रेलवे कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण आधार मानते हुए स्वच्छ, सुंदर एवं सुविधाजनक रेल परिसरों के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।
उत्तर पश्चिम रेलवे पर “स्वच्छता ही सेवा” अभियान-2026 का शुभारंभ


