18 अक्टूबर को डांडिया रास, 19 को हास्य कवि सम्मेलन और 20 अक्टूबर को होगा भव्य दशानन दहन
जयपुर। विद्याधर नगर स्टेडियम में वीडीएन फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित हो रहे भव्य दशहरा मेला 2026 के तहत होने वाले प्रमुख आयोजनों में शामिल होने के लिए राजस्थान की उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी को आमंत्रित किया गया। फाउंडेशन के अध्यक्ष महेंद्र गोयल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उनसे भेंट कर कार्यक्रमों में पधारने का निमंत्रण दिया।
वीडीएन फाउंडेशन के अध्यक्ष महेंद्र गोयल ने बताया कि मेले के अंतर्गत 18 अक्टूबर को भव्य गरबा एवं डांडिया रास, 19 अक्टूबर को हास्य कवि सम्मेलन तथा 20 अक्टूबर को विशाल 121 फीट ऊंचे दशानन के दहन का आयोजन किया जाएगा। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मनोरंजन और पारंपरिक उत्सवों के माध्यम से शहरवासियों को एक यादगार अनुभव देने की तैयारी है।
इस अवसर पर फाउंडेशन के कोषाध्यक्ष नितिन खंडेलवाल, उपाध्यक्ष मनीष कुमार जालान एवं महिला अध्यक्ष श्रीमती दिव्या साबू उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री को मेले की तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए सपरिवार पधारने का आग्रह किया।
महेंद्र गोयल ने कहा कि विद्याधर नगर दशहरा मेला शहर की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का प्रतीक बन रहा है। फाउंडेशन का प्रयास है कि इस आयोजन को भव्य, आकर्षक और यादगार बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग भारतीय संस्कृति, परंपरा और उत्सवों से जुड़ सकें।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी को वीडीएन फाउंडेशन ने दिया दशहरा मेले का आमंत्रण


