जयपुर। राजस्थान विश्वविद्यालय के भौतिकी शिक्षा विकास केंद्र (सीडीपीई) में जी.जी.डी.एस.डी. महाविद्यालय, चंडीगढ़ के विद्यार्थियों ने 27 अक्टूबर को शैक्षणिक भ्रमण किया। इस अवसर पर एम.एससी. भौतिकी, राजस्थान विश्वविद्यालय के विद्यार्थी भी शामिल रहे। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को भौतिकी के विभिन्न प्रयोगों एवं उपकरणों की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान प्रो. वाई. के. विजय ने विद्यार्थियों को भौतिकी विषय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं तथा इसके व्यावहारिक उपयोगों पर प्रकाश डाला। उनके व्याख्यान से विद्यार्थियों को भौतिकी की विभिन्न अवधारणाओं को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिला।
सीडीपीई की निदेशक डॉ. सरिता कुमारी के मार्गदर्शन में केंद्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सीडीपीई द्वारा विकसित विभिन्न भौतिकी उपकरणों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

इनमें लीनियर एयर ट्रैक, मैग्नेटिक बैलेंस, बार्टन पेंडुलम तथा कंपाउंड पेंडुलम प्रमुख रहे। विद्यार्थियों को इन उपकरणों की कार्यप्रणाली एवं प्रयोगों में उनकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया गया।
इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ भौतिकी के प्रायोगिक पक्ष से परिचित कराना था। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी साबित हुआ।


