जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा की गई अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में जयपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश मुख्यालय से चौमूं हाउस सर्किल तक भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा एवं एससी मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने खड़गे का पुतला फूंका और कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी मुर्दाबाद, प्रधानमंत्री का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान, राहुल गांधी माफी मांगो जैसे नारे लगाए। भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी ने नेतृत्व में प्रदेश कार्यालय से कांग्रेस कार्यालय की ओर रवाना हुए, पुलिस ने चौमूं हाउस सर्किल पर बैरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को रोक दिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने खरगे के पुतले को जूते मारकर कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का अभिन्न हिस्सा है, लेकिन प्रधानमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के प्रति अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल असभ्यता की पराकाष्ठा है। लोकतंत्र में असहमति व्यक्त करने के लिए तर्क, संवाद और विचारों की लड़ाई का रास्ता अपनाया जाना चाहिए, न कि व्यक्तिगत कटाक्ष और अपमानजनक टिप्पणियों का। बगड़ी ने कहा कि खरगे द्वारा प्रधानमंत्री के लिए ‘मोदी का बाप भी जाएगा, जैसे अपशब्दों का इस्तेमाल करना बेहद ही शर्मनाक है। कांग्रेस नेताओं के बयान उनकी राजनीतिक हताशा और बौखलाहट को दर्शाते हैं। जनादेश लगातार कांग्रेस के हाथों से खिसक रहा है और पार्टी आंतरिक कलह से जूझ रही है, जिसके चलते उसके नेता राजनीतिक मर्यादाओं को ताक पर रख रहे हैं।
भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि कांग्रेस बार-बार राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता को व्यक्तिगत टिप्पणियों में बदल देती है। लोकतंत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों की जिम्मेदारी है कि वे राजनीतिक संवाद की गरिमा बनाए रखें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की संवैधानिक व्यवस्था के सर्वोच्च पदों में से एक पर आसीन हैं। विपक्ष की ओर से आलोचना भी मर्यादित भाषा में होनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
भाजपा प्रदेश मंत्री डॉ अपूर्वा सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को अपने बयानों पर आत्ममंथन करना चाहिए और देश के प्रधानमंत्री के प्रति सम्मानजनक भाषा का इस्तेमाल सुनिश्चित करना चाहिए। लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध का स्वागत है, लेकिन व्यक्तिगत अपमान और असभ्य भाषा को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। राहुल गांधी, खरगे सहित संपूर्ण कांग्रेस पार्टी को इस कृत्य के लिए माफी मांगनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, भाजपा मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, महिला मोर्चा अध्यक्ष राखी राठौड़, युवा मोर्चा अध्यक्ष शंकर गोरा, जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता एवं महिला मोर्चा की कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, खड़गे का फूंका पुतला


