प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे देश को संबोधित, प्रदेशवासी देख सकेंगे भव्य परेड
जयपुर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस परेड आयोजित होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समारोह को संबोधित करेंगे। राजस्थान के सभी पुलिस थानों पर शाम 5:30 बजे से परेड का बिग स्क्रीन पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। प्रदेशवासी पुलिसकर्मियों के साथ बैठकर इस भव्य समारोह को देख सकेंगे।
प्रसारण में पुलिसकर्मियों के साथ आम नागरिकों, एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, स्काउट-गाइड, युवा क्लब, सुरक्षा सखी, सीएलजी सदस्यों और पुलिस मित्रों की भागीदारी रहेगी। पुलिसकर्मियों के परिवार, पुलिस प्रशिक्षु और आरएसी बटालियनों के जवान भी शामिल होंगे। इस पहल का उद्देश्य पुलिस के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश की सुरक्षा में जवानों के योगदान से आमजन को परिचित कराना तथा पुलिस और नागरिकों के बीच संवाद मजबूत करना है।
डीजीपी ने दिए सफल आयोजन के निर्देश
सोमवार सुबह केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देश के सभी पुलिस महानिदेशकों को आयोजन के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद डीजीपी राजस्थान राजीव कुमार शर्मा ने प्रदेश के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक ली और आयोजन के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने और इस आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।
डीजीपी ने कहा कि थाना प्रभारी से लेकर पुलिस अधीक्षक और रेंज आईजी तक पुलिस थानों में पुलिसकर्मियों और आमंत्रित लोगों के साथ बैठकर परेड का सीधा प्रसारण देखेंगे। सभी जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालयों को आयोजन और सहभागिता की रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय भेजनी होगी। शर्मा ने बताया कि समारोह का मुख्य उद्देश्य देश के पुलिस बलों, केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और केन्द्रीय पुलिस संगठनों द्वारा किए जा रहे असाधारण कार्यों को राष्ट्र के सामने लाना है।
बैठक में डीजी कानून एवं व्यवस्था संजय अग्रवाल ने समस्त जिला पुलिस अधीक्षकों और पुलिस आयुक्तों को इस आयोजन के सफल संपादन के लिए उचित व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।
बैठक दौरान एडीजीपी वीके सिंह, एडीजीपी रूपिंदर सिंघ, एडीजीपी श्रीमती लता मनोज कुमार, एडीजीपी प्रफुल्ल कुमार और एडीजीपी राघवेंद्र सुहासा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
अक्टूबर को गुजरात में राष्ट्रीय एकता दिवस परेड, राजस्थान के सभी थानों पर होगा सीधा प्रसारण


