जयपुर। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के तहत जयपुर जिले में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की स्थिति जारी की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि जिला परिषद सदस्य पद के लिए जिले के 57 वार्डों में कुल 234 नामांकन पत्र दाखिल हुए। संवीक्षा के दौरान 62 नामांकन पत्र अस्वीकृत किए गए तथा 2 नामांकन पत्र डिस्कार्ड किए गए। इसके बाद 170 वैध नामांकित अभ्यर्थियों में से 16 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिया। इस प्रकार नाम वापसी के बाद जिला परिषद सदस्य पद के लिए 154 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में आठ पंचायत समितियों के 146 वार्डों में कुल 603 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इनमें से 145 नामांकन पत्र अस्वीकृत तथा 4 नामांकन पत्र डिस्कार्ड किए गए। संवीक्षा के बाद 454 वैध नामांकित अभ्यर्थियों में से 37 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिया। इस प्रकार नाम वापसी के बाद आठ पंचायत समितियों में कुल 417 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। पंचायत समिति चौमूं में 73, दूदू में 47, गोविंदगढ़ में 54, झोटवाड़ा में 47, जोबनेर में 55, किशनगढ़-रेनवाल में 47, मौजमाबाद में 49 तथा सांभर में 45 अभ्यर्थी चुनाव लड़ेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि द्वितीय चरण के तहत पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। 15 अक्टूबर तक पांच पंचायत समितियों के 81 वार्डों में कुल 116 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं। इन नामांकन पत्रों के आधार पर कुल 110 अभ्यर्थी दर्ज हैं। पंचायत समिति अमरसार में 25, आमेर में 20, जालसू में 18, रामपुरा डाबड़ी में 19 तथा शाहपुरा में 34 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं।
द्वितीय चरण के निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 16 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 17 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित है। नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होने के तुरंत बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे तथा चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। द्वितीय चरण में पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान 28 अक्टूबर 2026 को प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। मतदान दल 27 अक्टूबर को रवाना होंगे। जिला परिषद एवं सभी चरणों के पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना 20 नवंबर 2026 को प्रातः 8 बजे से जिला मुख्यालय पर की जाएगी।
पंचायती राज आम चुनाव के प्रथम चरण में नाम वापसी के बाद जयपुर जिला परिषद के 57 वार्डों में 154 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में

