जयपुर। बैंक ऑफ बड़ौदा के संयोजन में राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) एवं पेंशन निधि विनियामक और विकास प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को जयपुर में अटल पेंशन योजना का जनसंपर्क एवं राज्य स्तरीय जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की सह-अध्यक्षता सुश्री परिमिता मिश्रा, संयोजक, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, राजस्थान एवं महाप्रबंधक, बैंक ऑफ बड़ौदा तथा प्रवेश कुमार, मुख्य महाप्रबंधक, पेंशन निधि विनियामक और विकास प्राधिकरण द्वारा की गई। कार्यक्रम में मनीष मांडल, सहायक महाप्रबंधक, भारतीय रिज़र्व बैंक; विनोद दाधीच, सहायक महाप्रबंधक, राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक, जयपुर; एस. वी. एस. एन. मूर्ति, उप महाप्रबंधक, बैंक ऑफ बड़ौदा; सभी जिलों के अग्रणी जिला प्रबंधक, बैंकों के प्रतिनिधि एवं योजना के ग्राहक उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में सुश्री परिमिता मिश्रा ने कहा कि अटल पेंशन योजना असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने हेतु एक महत्वपूर्ण पहल है। वित्तीय वर्ष 2025–26 में देशभर में रिकॉर्ड 1.35 करोड़ नए अभिदाता जुड़े, जिनमें राजस्थान से 7.02 लाख शामिल रहे। 11 अक्टूबर 2026 तक राजस्थान में अटल पेंशन योजना के अंतर्गत संचयी नामांकन 50 लाख तथा देशभर में 9.75 करोड़ हो चुके हैं। उन्होंने बैंकों से आह्वान किया कि वे युवा ग्राहकों को योजना से जोड़ने हेतु प्रोत्साहित करें, उपयुक्त पेंशन विकल्प चुनने में मार्गदर्शन करें, योजना का व्यापक प्रचार करें तथा शिकायत निवारण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाएं। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से प्रत्येक पात्र नागरिक तक योजना का लाभ पहुँचाकर सार्वभौमिक सामाजिक सुरक्षा कवरेज के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।
बैठक के दौरान प्रवेश कुमार ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से सभी बैंकों के प्रतिनिधियों एवं अग्रणी जिला प्रबंधकों को अटल पेंशन योजना की विस्तृत जानकारी दी तथा उनसे जुड़े प्रश्नों का विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। उन्होंने बताया कि पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण द्वारा योजना की सफलता सुनिश्चित करने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने अभिदाताओं को समय पर अंशदान, उपयुक्त पेंशन विकल्प चयन एवं शिकायत निवारण व्यवस्था की जानकारी देने पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम में ग्राहकों को स्थायी सेवानिवृत्ति खाता संख्या (PRAN) आवंटित किए गए तथा वित्तीय वर्ष 2025–26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अग्रणी जिला प्रबंधकों एवं बैंकों को सम्मानित किया गया।
बैठक के दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा के उप महाप्रबंधक एवं प्रमुख (एसएलबीसी) राज कुमार मीना ने एसएलबीसी राजस्थान की ओर से सभी अग्रणी जिला प्रबंधकों एवं सदस्य बैंकों से वित्तीय वर्ष 2026–27 में अटल पेंशन योजना के अंतर्गत बेहतर प्रदर्शन करने का अनुरोध किया। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण, सभी बैंकों, अग्रणी जिला प्रबंधकों, भारतीय रिज़र्व बैंक, राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक तथा उपस्थित ग्राहकों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
जयपुर में अटल पेंशन योजना राज्य स्तरीय जनसंपर्क एवं जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन


