जयपुर। राजस्थान के पश्चिमी हिस्से को देश की राजधानी दिल्ली से जोड़ने वाली सबसे लोकप्रिय ट्रेन ‘मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस’ अब नए रूप में नजर आएगी। रेलवे जोधपुर से वाया जयपुर होकर दिल्ली के बीच चल रही मंडोर एक्सप्रेस के मौजूदा रैक की जगह अमृत भारत का नया रैक लगाने की तैयारी कर रहा है। नए रैक में एसी और नॉन एसी कोच के साथ कई आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। खास बात यह है कि नए रैक के साथ मंडोर प्रदेश की पहली एसी अमृत भारत एक्सप्रेस होगी। रेलवे अधिकारी के अनुसार, नया रैक अगले महीने जोधपुर आएगा।
जोधपुर से अमृत भारत ट्रेन चलाने की तैयारी पिछले कुछ महीनों से चल रही थी। इसके लिए कुछ दिन पहले अमृत भारत का एसी रैक जोधपुर पहुंचा था। इसे जोधपुर-मऊ ट्रेन में लगाने की कवायद थी, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। अब सामने आया है कि शुक्रवार सुबह यह रैक जोधपुर से दिल्ली भेज दिया गया। अब मंडोर के लिए नया रैक अगले महीने जोधपुर आएगा। इसके बाद मंडोर एक्सप्रेस का संचालन नए रैक से किया जाएगा।
पुश-पुल तकनीक: रैक में ट्रेन के आगे और पीछे इंजन होंगे। इससे ट्रेन तेजी से रफ्तार पकड़ सकेगी और यात्रा समय में कमी आने की उम्मीद है।
झटके कम होंगे: नए सेमी-कपलर डिजाइन से कोच के बीच झटके कम महसूस होंगे, जिससे सफर अधिक आरामदायक होगा।
एसी-नॉन एसी कोच: नए रैक में एसी थ्री टियर, एसी टू टियर और एसी फर्स्ट टियर के साथ स्लीपर और सामान्य कोच भी होंगे।
सीसीटीवी और टॉक-बैक सिस्टम: हर सीट पर मोबाइल-लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट, होल्डर और फोल्डेबल स्नैक टेबल होगी। कोच में एलईडी लाइटिंग, स्मार्ट वॉशरूम, टच-फ्री नल और बायो-टॉयलेट होंगे। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और आपातकालीन टॉक-बैक सिस्टम लगाया जाएगा। डिजिटल यात्री सूचना प्रदर्शन पर ट्रेन की गति और अगले स्टेशन की जानकारी मिलेगी।
मंडोर एक्सप्रेस बनेगी राजस्थान की पहली एसी अमृत भारत ट्रेन


