जयपुर। रक्षाबंधन के पर्व पर राजस्थान पुलिस का संवेदनशील और मानवीय चेहरा सामने आया। कोटा शहर और अजमेर पुलिस ने अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन, महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों के बीच पहुंचकर रक्षाबंधन मनाया। कहीं पुलिसकर्मियों की कलाई पर स्कूली बच्चों और सुरक्षा सखियों ने राखी बांधी तो कहीं पुलिसकर्मियों ने बहनों से राखी बंधवाकर उनकी सुरक्षा का भरोसा दिया। इन आयोजनों ने पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, आत्मीयता और सुरक्षा के रिश्ते को और मजबूत किया।
कोटा में 300 मूक-बधिर बच्चों के बीच पहुंचीं एसपी तेजस्वनी गौतम
कोटा शहर में पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार रक्षा का वचन अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम उच्च माध्यमिक बधिरांध विद्यालय पहुंचीं और करीब 300 मूक-बधिर बच्चों के बीच रक्षाबंधन मनाया। एसपी गौतम ने बच्चों को राखी बांधी तथा उपहार और मिठाई भेंट की। कार्यक्रम में स्कूल प्रशासन, विज्ञान नगर थाना पुलिस और महिला सीएलजी सदस्य भी मौजूद रहे।

विद्यालय की प्रिंसिपल सर्वेश्वरी रानीवाला ने बताया कि वर्ष 1975 से संचालित विद्यालय में पहली बार किसी पुलिस अधीक्षक ने बच्चों के बीच पहुंचकर इस आत्मीयता के साथ रक्षाबंधन मनाया। एसपी ने बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कोटा शहर के प्रत्येक थाने से एक पुलिसकर्मी को सांकेतिक भाषा का प्रशिक्षण दिलाने की पहल की। साथ ही पुलिस बैंड की ओर से बच्चों को बैंड वादन का प्रशिक्षण देने की भी योजना है।
कोटा के थानों में 2700 बच्चों ने बांधी राखी
कोटा शहर के सभी थाना क्षेत्रों में भी रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुरक्षा सखियों और स्कूली बच्चों ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राखी बांधी। इन कार्यक्रमों में करीब 2700 बच्चों ने हिस्सा लिया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वाईसीएलजी, महिला सीएलजी सदस्य, सुरक्षा सखी, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, महिला बीट अधिकारी और पुलिस लाइन स्कूल के बच्चे शामिल हुए। भूमिका वेलफेयर सोसायटी की अध्यक्ष स्मिता जैन और उनकी टीम ने भी राखी बांधी।
इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को पुलिस हेल्पलाइन, राजकॉप, गरुड़, महिला हेल्पलाइन और साइबर हेल्पलाइन सहित विभिन्न सुरक्षा सेवाओं की जानकारी भी दी गई।
अजमेर में चौराहों पर राहगीरों और पुलिसकर्मियों की कलाई पर सजी राखी
अजमेर में पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर पुलिस टीमों ने रक्षाबंधन को आमजन से जुड़ने के अवसर के रूप में मनाया। प्रमुख चौराहों और पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रमों में महिलाओं एवं आमजन ने पुलिसकर्मियों को राखी बांधी। पुलिसकर्मियों ने भी बहनों को सुरक्षा और सहयोग का भरोसा दिया।
अजमेर में रक्षाबंधन के दौरान पुलिस की टीमों का आमजन के बीच पहुंचना खास आकर्षण रहा। अजमेर शहर के व्यस्त चौराहों पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और महिला बीट अधिकारियों ने ड्यूटी के दौरान वहां से गुजर रहे आम नागरिकों, बुजुर्गों और वाहन चालकों को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सुरक्षा का संकल्प दोहराया। इस दौरान एक भावुक दृश्य तब देखने को मिला जब चौराहे पर बाइक सवार एक बुजुर्ग राहगीर को महिला पुलिसकर्मी ने रोककर बड़े ही आत्मीय भाव से रक्षा सूत्र बांधा।
कोटा और अजमेर में पुलिस की इस पहल ने यह संदेश दिया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था संभालने वाली व्यवस्था नहीं, बल्कि जरूरत के समय समाज के साथ खड़ी रहने वाली संवेदनशील शक्ति भी है।


