जयपुर। तुलसी परिवार जयपुर एवं बियानी ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय गुरुपूर्णिमा महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ किया गया। यह आयोजन बियानी ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के विद्याधर नगर एवं चंपापुरा स्थित परिसरों में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, विद्यार्थियों एवं गुरु भक्तों ने सहभागिता कर पूजनीय ऋषिवर किरीट भाईजी के प्रेरणादायी विचारों का लाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर तुलसी परिवार के सभी सदस्य, बियानी ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के चेयरमैन डॉ. राजीव बियानी, एकेडमिक डायरेक्टर डॉ. संजय बियानी तथा बियानी परिवार के सभी सदस्य कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

अपने उद्बोधन में किरीट भाईजी ने कहा कि मनुष्य इस संसार में चिंता करने और दुख सहने के लिए नहीं आया है, बल्कि उसे जीवन को आनंद, उत्साह और सकारात्मकता के साथ जीना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तनाव (स्ट्रेस) लोगों के जीवन की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक बन गया है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने विचारों को सकारात्मक रखते हुए प्रसन्नता और संतुलन के साथ जीवन जीने का प्रयास करना चाहिए।
राजस्थान की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यहां केवल पुरुषों ने ही नहीं, बल्कि महिलाओं ने भी अपने साहस, त्याग एवं शौर्य से इतिहास रचा है। ठीक उसी प्रकार प्रत्येक व्यक्ति को भी अपने जीवन की चुनौतियों एवं संघर्षों का साहस, धैर्य एवं आत्मविश्वास के साथ सामना करना चाहिए।
नारियों के सम्मान पर अपने विचार व्यक्त करते हुए ऋषिवर ने कहा कि जिस परिवार और समाज में महिलाओं का सम्मान होता है, वहां सुख, समृद्धि और ईश्वर का वास होता है।
महोत्सव के दौरान गुरु भक्ति से ओतप्रोत भजनों, आध्यात्मिक गतिविधियों एवं सत्संग का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तों एवं उपस्थित जनों के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इसी के साथ बियानी ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के सभागार में आध्यात्मिकता, श्रद्धा एवं सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण दिव्य वातावरण देखने को मिला। पूरे आयोजन के दौरान गुरु भक्ति, अनुशासन एवं आध्यात्मिक चेतना का अनुपम संगम उपस्थित जनसमूह को भावविभोर करता रहा।


