45,000 प्रतिमाह मानदेय, आधुनिक एवं तकनीक आधारित पुलिसिंग को मिलेगा नया आयाम
जयपुर। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा की पहल पर राजस्थान पुलिस मुख्यालय ने पुलिसिंग को आधुनिक, तकनीक-संचालित एवं डेटा आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘यंग प्रोफेशनल्स’ के पांच विशेषज्ञ पदों पर पूर्णतया कांट्रेक्ट बेसिस पर भर्ती के लिए युवा अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र आमंत्रित किए हैं। इस पहल का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ युवाओं की सेवाएं लेकर अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा, नशा नियंत्रण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तथा नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध) बिपिन कुमार पाण्डेय ने बताया कि जारी नोटिफिकेशन के अनुसार क्राइम डेटा एनालिस्ट, नवीन न्याय संहिताओं की मॉनिटरिंग, रोड सेफ्टी, ड्रग कंट्रोल तथा एआई इन पुलिसिंग के लिए एक-एक पद पर कांट्रेक्ट बेसिस पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को ₹45,000 प्रतिमाह का निश्चित मानदेय दिया जाएगा तथा उनकी नियुक्ति एक वर्ष के लिए कांट्रेक्ट बेसिस पर पुलिस मुख्यालय, जयपुर में की जाएगी।
एडीजी पाण्डेय ने बताया कि इन पदों पर नियुक्त युवा विशेषज्ञ महिला एवं बाल अपराध सहित अपराध संबंधी आंकड़ों का विश्लेषण, भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के प्रभावी क्रियान्वयन की मॉनिटरिंग, सड़क दुर्घटना आंकड़ों का विश्लेषण, मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क का अध्ययन तथा पुलिसिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देने का कार्य करेंगे।
इन पदों के लिए आवेदन पत्र का प्रारूप, निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, आयुसीमा व अन्य समस्त अपेक्षित जानकारी राजस्थान पुलिस की वेबसाइट https://police.rajasthan.gov.in/ पर उपलब्ध कराई जा रही है। अभ्यर्थियों का चयन आवेदन पत्रों की जांच के उपरांत लिखित परीक्षा, प्रायोगिक परीक्षा एवं साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। निर्देशानुसार इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेजों की एक पीडीएफ तैयार कर adgp.reorganisation@rajpolice.gov.in पर ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं। आवेदन ऑफलाइन भी कमरा संख्या-217, द्वितीय तल, पुलिस मुख्यालय, लालकोठी, जयपुर-302015 पर व्यक्तिगत रूप से अथवा डाक के माध्यम से जमा कराए जा सकते हैं।
आवेदन पत्र विज्ञापन प्रकाशित होने की तिथि से 15 दिनों के भीतर आवेदन पुलिस मुख्यालय में प्राप्त होना आवश्यक है। अभ्यर्थियों व रूचि रखने वाले लोगों को विभागीय वेबसाइट नियमित रूप से देखते रहने की सलाह दी जाती है। अगर इस नोटिफिकेशन में कोई बदलाव होता है, तो वह बदलाव विभाग की वेबसाइट पर दिखाया जाएगा।
राजस्थान पुलिस में कांट्रेक्ट बेसिस पर 5 यंग प्रोफेशनल्स की होगी भर्ती


