योजनाओं की राशि हड़पने की साजिश का खुलासा
मासूम किसानों और पेंशनभोगियों के करोड़ों रुपये हड़पने की फिराक में था आरोपी राहुल तंवर; कई तहसीलदारों और पटवारियों के खातों को भी बना चुका था निशाना
जयपुर। जिला पुलिस अधीक्षक जैसलमेर अभिषेक शिवहरे के निर्देशन में साइबर थाना पुलिस ने जिला कलक्टर जैसलमेर की एसएसओ आईडी से छेड़छाड़ कर उसमें अपना मोबाइल नंबर लिंक करने तथा कूटरचित दस्तावेज अपलोड कर सरकारी योजनाओं में धोखाधड़ी की साजिश रचने वाले आरोपी को झालावाड़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी का उद्देश्य विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के बैंक खातों की जगह अपने बैंक खातों की जानकारी लिंक कर सरकारी सहायता राशि हड़पना था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया है तथा मामले में विस्तृत अनुसंधान जारी है।
एसपी शिवहरे ने बताया कि साइबर थाना जैसलमेर में दर्ज प्रकरण के अनुसार अज्ञात आरोपी ने जिला कलक्टर जैसलमेर की एसएसओ आईडी में अनाधिकृत रूप से लॉगिन कर डीओआईटी, बीकानेर को ई-मेल भेजकर अपना मोबाइल नंबर लिंक करवाने का प्रयास किया। इसके बाद एसएसओ आईडी के साथ छेड़छाड़ कर कूटरचित दस्तावेज अपलोड किए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी की नजर पीएम किसान निधि, जनआधार, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के पोर्टलों पर थी।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेवन्त दान के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी रूपसिंह ईन्दा के सुपरविजन में अनुसंधान अधिकारी मनीष सोनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य एवं साइबर विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान कर झालावाड़ पहुंचकर राहुल कुमार तंवर (25) निवासी खाती का पुरा छोड़ालिया, थाना मनोहरथाना, जिला झालावाड़ को गिरफ्तार किया।
सरकारी योजनाओं की राशि हड़पने की थी साजिश
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह तहसीलदारों एवं पटवारियों की एसएसओ आईडी में अनाधिकृत रूप से लॉगिन कर विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों का डाटा प्राप्त करता था। इसके बाद किसानों एवं अन्य लाभार्थियों के बैंक खातों के स्थान पर अपने नियंत्रण वाले बैंक खातों की जानकारी लिंक कर सरकारी सहायता राशि अपने खातों में स्थानांतरित करने की योजना बनाता था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह राजस्थान के विभिन्न जिलों के जिला कलक्टरों की एसएसओ आईडी से भी छेड़छाड़ कर बड़े स्तर पर साइबर धोखाधड़ी करने की तैयारी में था।
पुलिस रिमांड पर आरोपी से पूछताछ जारी
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अब तक किन-किन सरकारी अधिकारियों की एसएसओ आईडी से छेड़छाड़ की, कितने पोर्टलों तक पहुंच बनाई तथा इस साइबर नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में गहन तकनीकी जांच और अनुसंधान जारी है।
पूरी कार्रवाई में अनुसंधान अधिकारी मनीष सोनी, उपनिरीक्षक डॉ. जालम सिंह, कांस्टेबल हनवंत सिंह (विशेष भूमिका), प्रमोद पालीवाल, सुरेश तथा पुलिस थाना मनोहरथाना, झालावाड़ एवं डीसीआरबी के लीलगिरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला कलक्टर की एसएसओ आईडी से छेड़छाड़ करने वाला साइबर ठग गिरफ्तार


