150 वंचित बच्चों ने मंच पर बिखेरा प्रतिभा का रंग, आत्मविश्वास और सपनों की उड़ान का बना उत्सव
जयपुर। शिक्षा, संस्कार और आत्मनिर्भरता के माध्यम से समाज के वंचित एवं हाशिए पर जीवन यापन कर रहे बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से कार्यरत इंपैक्ट बियोंड फाउंडेशन द्वारा संचालित ड्रीम इंपैक्ट स्कूल के चौथे निःशुल्क समर कैंप का भव्य समापन समारोह 31 मई को मैजेस्टिक फॉल्स होटल में आयोजित किया गया।

फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए निःशुल्क विद्यालय एवं स्लम शिक्षा केंद्र संचालित कर रही है, जहाँ बच्चों को केवल शिक्षा ही नहीं बल्कि जीवन मूल्यों, अनुशासन, आत्मविश्वास और बेहतर नागरिक बनने की प्रेरणा भी दी जाती है। इसी कड़ी में इस वर्ष आयोजित चौथे समर कैंप में लगभग 150 बच्चों ने पूर्णतः निःशुल्क भाग लिया।

समर कैंप के दौरान बच्चों को नृत्य, संगीत, योग, मार्शल आर्ट्स, हस्तशिल्प निर्माण, सिलाई-कढ़ाई, आर्ट एवं क्राफ्ट जैसी विविध गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। समापन समारोह में बच्चों ने मंच पर अपने सीखे हुए कौशलों का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बच्चों द्वारा तैयार की गई हस्तशिल्प प्रदर्शनी रही, जिसमें उनके हाथों से बनाए गए हैंडमेड बैग्स, स्टिच्ड हैंडबैग्स, स्टोन पेंटिंग, ग्रीटिंग कार्ड्स, ब्रेसलेट्स और पेपर आर्ट को प्रदर्शित किया गया। इन रचनात्मक कृतियों ने न केवल बच्चों की प्रतिभा को उजागर किया बल्कि यह भी सिद्ध किया कि अवसर मिलने पर हर बच्चा अपनी पहचान बना सकता है।

बच्चों ने रंगारंग नृत्य, समूह गायन, प्रेरणादायक भाषण, योग प्रदर्शन तथा शिक्षा के महत्व पर आधारित नाट्य प्रस्तुति देकर समाज को यह संदेश दिया कि शिक्षा ही वह शक्ति है जो जीवन की दिशा और दशा दोनों बदल सकती है। कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक प्रतिभागी बच्चे को उसके उत्साह और मेहनत के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर बच्चों का मेकअप अल्काज मेकओवर द्वारा पूर्णतः निःशुल्क किया गया, जिससे बच्चों के उत्साह में और भी वृद्धि हुई। कार्यक्रम में मंजू अग्रवाल ने कृष्ण लीला पर मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी का हृदय जीत लिया।

समारोह में मयंक एवं इति द्वारा बच्चों को पुरस्कार वितरित किए गए, जबकि श्रीमती राणा जी ने सभी के लिए अल्पाहार की व्यवस्था कर अपना सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम में कैप्टन शशिकिरण इंडियन रेलवे, राज मीडिया टाइम्स के चीफ एडिटर नवल किशोर शर्मा, अनुज सेठी, शर्मा जी ज्वेलर्स से शुभम शर्मा ,डॉ. हर्षिता सनाढ्य, एमजेएफ लायन संध्या जी, हांडा सर, सुविज्ञा सक्सेना एवं सारिका सक्सेना, प्रवीण जौहरी एवं कविता जौहरी, रूवी डिजिटल से आलोक शर्मा, बजाज कैपिटल से गौरव सहगल, गो फिट से तुषार, आयु आर्य ब्रांड सिंग्नेचर्स ऑफ रन फॉर ह्यूमनिटी दूरदर्शन से चेतन प्रकाश, रन फॉर ह्यूमनिटी हैड डॉ. भार्गवी जगधारी, ईवादीप सक्सेना एवं सुदीप सक्सेना, ड्रीम इंपैक्ट स्कूल से प्रिंसिपल अनीता सक्सेना सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में इंपैक्ट बियोंड बॉर्डर्स फाउंडेशन के संस्थापक एप्लव सक्सेना ने सभी अतिथियों, सहयोगियों, स्वयंसेवकों एवं समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल बच्चों को शिक्षा देना नहीं, बल्कि उन्हें ऐसा आत्मविश्वासी, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनाना है जो भविष्य में भारत के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सके।

यह समर कैंप केवल एक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि उन बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम था, जो सीमित संसाधनों के बावजूद असीम संभावनाएँ रखते हैं। इंपैक्ट बियोंड बोर्ड्स फाउंडेशन का यह प्रयास समाज के लिए एक प्रेरणा है कि यदि सही दिशा, अवसर और सहयोग मिले तो हर बच्चा अपने जीवन की कहानी बदल सकता है।


