जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल एवं चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में प्रदेशभर में मिलावट के खिलाफ निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पोकरण में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मिलावटी घी के 13 नमूने लिए गए और 14 हजार किलो से अधिक मिलावटी की जब्त किया गया।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी शुभमंगला ने बताया कि अतिरिक्त आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) भगवत सिंह के नेतृत्व में जयपुर मुख्यालय की विशेष टीम एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जैसलमेर के सहयोग से पोकरण में नकली घी एवं तेल के अवैध कारोबार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई। पोकरण की लोढ़ा कॉलोनी स्थित सात्विक ट्रेडिंग कंपनी के मालिक योगेश टावरी के यहां एक परिसर पर छापामार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान परिसर में बड़े पैमाने पर नकली घी एवं तेल का निर्माण एवं पैकिंग कार्य संचालित हो रहा था।
यहां पर मिलावटी घी एव तेल के 5 नमूने एफएसएसए एक्ट के तहत लिए गए। लगभग 10 हजार 260 किलो मिलावटी घी, पाम ऑयल, सोयाबीन तेल, वनस्पति, सीज किया गया। इसके उपरांत सात्विक ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम पर भी कार्रवाई कर विभिन्न ब्रांड श्री आहार, शुभ, कुबेर, श्रीमूल, विनायक, टॉपर मिल्क फैट इत्यादि मिलावटी घी के 8 नमूने एफएसएसए एक्ट के तहत लिए गए और 4 हजार किलो मिलावटी घी सीज किया गया।
मुख्य चिकित्सा एव स्वास्थ्य अधिकारी जैसलमेर डॉ. राजेंद्र कुमार पालीवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला बड़े स्तर पर खाद्य पदार्थों में मिलावट का प्रतीत होता है। कार्रवाई में केंद्रीय दल के खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद शर्मा, देवेन्द्र सिंह, लोकेश शर्मा, जगदीश प्रसाद एवं जैसलमेर के खाद्य सुरक्षा अधिकारी किशनाराम कड़वासरा मौजूद रहे।
शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान: 13 नमूने लिए, 14 हजार किलो मिलावटी घी और तेल जब्त


