नई दिल्ली। वैभव सूर्यवंशी की 93 रनों की ताबड़तोड़ पारी, ध्रुव जुरेल के नाबाद अर्धशतक और यशस्वी जायसवाल की आक्रामक 43 रनों की पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स (RR) ने IPL 2026 के प्लेऑफ़ में अपना दावा मज़बूत कर लिया है। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को हराते हुए RR ने इस सीज़न की अपनी सातवीं जीत हासिल की है और अंक तालिका में पंजाब किंग्स को पछाड़ते हुए वह चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। जयपुर में इस सीज़न RR की यह पहली जीत भी है।
221 रनों के लक्ष्य का पीछे करने उतरी RR को जायसवाल ने आक्रामक शुरुआत दिलाई थी। रियान पराग चोट के चलते यह मुक़ाबला नहीं खेल रहे थे ऐसे में जायसवाल के कंधों पर अतिरिक्त ज़िम्मेदारी भी थी। जायसवाल ने पहले ही ओवर में आकाश सिंह के ख़िलाफ़ धावा बोल दिया और पहले ओवर में वाइड का चौका सहित कुल 23 रन आ गए। पावरप्ले की समाप्ति तक RR ने बिना विकेट खोए 71 रन बना लिए थे।
दूसरे छोर पर सूर्यवंशी ने धीमी शुरुआत की थी और पहली 10 गेंदों पर उनके बल्ले से मात्र पांच रन आए थे। हालांकि यह ख़ामोशी क्षणिक साबित हुई और उन्होंने भी लय पकड़ ली। हालांकि पावरप्ले के तुरंत बाद आकाश ने जायसवाल का शिकार किया लेकिन इसके बाद सूर्यवंशी ने मोर्चा संभाल लिया।
सूर्यवंशी ने मात्र 23 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया और अपनी पारी में 10 छक्के और सात चौके जड़ते हुए उन्होंने 38 गेंदों पर 93 रन बना लिए। 92 के निजी स्कोर पर जब वह बल्लेबाज़ी कर रहे थे तब ध्रुव जुरेल द्वारा वापस लौटाए जाने के क्रम में सूर्यवंशी को काफ़ी देर हो गई थी लेकिन मोहसिन ख़ान नॉन स्ट्राइकर एंड पर सटीक थ्रो नहीं कर पाए। हालांकि अगर वह स्टंप के पास जाकर भी हिट करते तब भी सूर्यवंशी आउट हो सकते थे लेकिन इस जीवनदान को सूर्यवंशी भुना नहीं पाए और एक और रन जोड़ने के बाद वह आउट हो गए।
सूर्यवंशी शतक से चूक गए थे लेकिन उन्होंने RR को जीत की दहलीज़ पर खड़ा कर दिया था। सूर्यवंशी जब आउट हुए तब तक RR 14 ओवर में कुल 180 रन जोड़ चुकी थी। सूर्यवंशी ने इस पारी में इस सीज़न 50 छक्के जड़ने का आंकड़ा भी पार किया और अब वह एक सीज़न में सर्वाधिक छक्के जड़ने के मामले में क्रिेस गेल के रिकॉर्ड के काफ़ी क़रीब पहुंच गए हैं।
सूर्यवंशी के आउट होने के बाद लुआन-द्रे प्रीटोरियस रन आउट हुए लेकिन जुरेल की नज़रें जम चुकी थीं और उन्होंने डॉनोवन फ़रेरा के साथ मिलकर RR को जीत दिला दी। जुरेल ने 19वें ओवर में अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया।
CSK के ख़िलाफ़ पिछले मुक़ाबले की तरह ही इस मुक़ाबले में भी LSG को आक्रामक शुरुआत मिली थी। पहले बल्लेबाज़ी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद जॉश इंग्लिस और मिचेल मार्श ने पावरप्ले में मिलकर बिना विकेट खोए 83 रन जोड़ लिए थे। इसमें 49 रन अकेले इंग्लिस के थे। हालांकि इंग्लिस अर्धशतक बनाने के बाद नौवें ओवर में यश पुंजा का शिकार बने।
पुंजा ने इसके बाद निकोलस पूरन का भी शिकार किया लेकिन LSG एक बड़े स्कोर की ओर अग्रसर नज़र आ रही थी। पूरन जिस समय आउट हुए उस समय LSG ने 12.2 ओवर में स्कोरबोर्ड पर 151 रन जोड़ लिए थे। यहां से LSG के लिए 240 का स्कोर संभव लग रहा था लेकिन पारी के अंत तक मार्श के टिके रहने के बावजूद LSG स्कोरबोर्ड पर 220 रन ही जोड़ पाई।
कप्तान ऋषभ पंत ने 23 गेंदों पर 35 रनों की पारी खेली और वह रन आउट हो गए। इसके साथ ही मार्श भी अंतिम ओवर में 96 के स्कोर पर रन आउट हुए और वह T20 में दो बार 90s में आउट होने वाले मात्र दूसरे बल्लेबाज़ बने। उनसे पहले गेल 2010 और 2015 में 90s में आउट हो चुके हैं।
सूर्यवंशी, जुरेल और जायसवाल की मदद से RR ने प्लेऑफ़ का दावा किया मज़बूत


