जयपुर। यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी वाटिका, जयपुर में द न्यू स्कूल–पार्सन्स स्कूल ऑफ डिज़ाइन, न्यूयॉर्क सिटी के प्रतिनिधिमंडल का गरिमामय भ्रमण संपन्न हुआ। प्रतिनिधिमंडल में जेम्स रेमर (फोटोग्राफी विभाग प्रमुख), जेरोम डी. पर्लिंगी एवं एलिज़ाबेथ हेस्किन एवं रोज़ा शामिल रहे। अतिथियों का स्वागत प्रो-चेयरपर्सन डॉ. अंशु सुराना एवं प्रेसिडेंट डॉ. रश्मि जैन, कुलसचिव डॉ अनूप शर्मा एवं टीम द्वारा किया गया। इस अवसर पर सुश्री राधा दत्ता, क्रिएटिव डायरेक्टर, आखा इंडिया, नई दिल्ली की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।

स्वागत उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय के डीन, स्टाफ सदस्यों से संवाद किया तथा कैंपस का भ्रमण किया। इस दौरान प्रेसिडेंट डॉ रश्मि जैन द्वारा एक विस्तृत प्रेज़ेंटेशन प्रस्तुत किया गया, जिसमें शैक्षणिक संरचना, उपलब्ध पाठ्यक्रमों एवं अकादमिक दृष्टिकोण, प्राप्त अवार्डस की जानकारी दी गई। न्यू स्कूल–पार्सन्स के प्रतिनिधियों ने भी अपने कोर्सेज़, शिक्षण पद्धतियों तथा वैश्विक शैक्षणिक अनुभवों को साझा करते हुए अकादमिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।
न्यू स्कूल–पार्सन्स, न्यूयॉर्क सिटी के प्रतिनिधियों ने यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी, वाटिका के शैक्षणिक वातावरण, रचनात्मक अधोसंरचना एवं विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की। जेम्स रेमर ने कहा कि विश्वविद्यालय में सृजनात्मकता और व्यावहारिक शिक्षा का प्रभावी समन्वय देखने को मिला। प्रतिनिधिमंडल ने अकादमिक संवाद को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में संयुक्त शैक्षणिक गतिविधियों की संभावनाओं पर, वैश्विक दृष्टिकोण के साथ डिज़ाइन शिक्षा को आगे बढ़ाने हेतु सकारात्मक विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव डॉ. अनूप शर्मा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए इस भ्रमण को विश्वविद्यालय के लिए प्रेरणादायक एवं भविष्य की अंतरराष्ट्रीय अकादमिक साझेदारियों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।


