जयपुर। देश के जाने माने और चर्चित एंकर अंकित खंडेलवाल को डेस्टिनेशन वेडिंग्स और कॉरपोरेट इवेंट्स के क्षेत्र में उत्कृष्ट मंच संचालन के लिए इंटरनेशनल गोल्डन माइक अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान ह्यूमन राइट्स काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा मुंबई में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया गया, जिसमें देश-विदेश से अनेक गणमान्य अतिथि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और कॉरपोरेट जगत की प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं। आयोजकों ने बताया कि यह सम्मान उन्हें देश से नहीं बल्कि विश्व स्तर पर राजस्थान की कला संस्कृति और परंपराओं को अपनी आवाज़ के माध्यम से बढ़ावा देने के लिए प्रदान किया गया है
कार्यक्रम सचिव ने बताया कि अंकित खंडेलवाल ने अपने ऊर्जावान अंदाज़, प्रभावशाली संवाद शैली और दर्शकों से सीधे जुड़ने की अनूठी कला के कारण इवेंट इंडस्ट्री में एक अलग पहचान बनाई है। डेस्टिनेशन वेडिंग्स से लेकर बड़े कॉरपोरेट और सरकारी कार्यक्रमों तक, उनकी प्रस्तुति हर मंच को यादगार बना देती है।
सम्मान ग्रहण करते हुए अंकित खंडेलवाल ने कहा कि यह अवार्ड उनके लिए अत्यंत गौरवपूर्ण है और वह इसे अपने परिवार और सभी आयोजकों को समर्पित करते हैं जिन्होंने हमेशा उन पर विश्वास किया। उन्होंने कहा कि एक एंकर की भूमिका केवल मंच संचालन तक सीमित नहीं होती, बल्कि पूरे आयोजन की ऊर्जा और प्रभाव को दिशा देने में अहम होती है।
उल्लेखनीय है कि अंकित खंडेलवाल अब तक 3500 से अधिक कार्यक्रमों का सफल मंच संचालन कर चुके हैं। उन्होंने मलेशिया, सिंगापुर, अफ्रीका, केन्या, नेपाल सहित कई देशों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। वे इससे पूर्व भी दो बार वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर, भारत के सबसे एनर्जेटिक एंकर और डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर अवार्ड सहित कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित हो चुके हैं।
इस उपलब्धि से न केवल जयपुर बल्कि पूरे राजस्थान का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है। उनकी इस सफलता पर शहर के प्रबुद्ध जनों, सामाजिक संगठनों और प्रशंसकों ने उन्हें बधाई दी है।
अंकित खंडेलवाल को मुंबई में इंटरनेशनल गोल्डन माइक अवार्ड से किया सम्मानित
