प्रशासक श्रीमती पूनम ने ली नगर निगम जयपुर के अधिकारियों की बैठक
जयपुर। एकीकृत नगर निगम की प्रथम बैठक लालकोठी स्थित नगर निगम मुख्यालय पर संभागीय आयुक्त एवं प्रशासक श्रीमती पूनम की अध्यक्षता में आयोजित की गई। प्रशासक श्रीमती पूनम ने सर्वप्रथम सभी अधिकारियों से परिचय लिया। इस अवसर पर नगर निगम जयपुर आयुक्त डॉ॰ गौरव सैनी ने प्रशासक श्रीमती पूनम को निगम की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। इस दौरान नगर निगम के दोनों अतिरिक्त आयुक्त, वित्तीय सलाहकार सहित सभी जोन उपायुक्त एवं अन्य अधिकारी, अधिशासी अभियंता मौजूद रहे।
शहर की सफाई व्यवस्था हो सुदृढ़
प्रशासक श्रीमती पूनम ने सभी अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को मोटिवेट करते हुए कहा कि सभी अधिकारी पूरी ऊर्जा एवं आपसी समन्वय से काम करें जिससे आमजन में भी विश्वास कायम हो सके तथा धरातल पर कार्यों का क्रियान्वयन शीघ्रता से किया जा सके।
श्रीमती पूनम ने इस अवसर पर कहा कि कार्यों की दिन-प्रतिदिन मॉनिटरिंग भी की जायेगी। आगामी दिनों में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया, प्रवासी राजस्थानी दिवस के संबंध में सभी तैयारियाँ पूरी करने एवं अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी दिवसों में आयोजित होने वाले इन आयोजनों से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इसलिए शहर के सौंदर्य को सँवारा जाना चाहिए तथा सभी पर्यटन स्थलों की साफ-सफाई पर विशेष बल देकर कार्य किया जाए। सड़कों पर आश्रयहीन पशु न घूमें, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
नगर निगम जयपुर आयुक्त डॉ॰ गौरव सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगामी आयोजनों के संबंध में मिशन मोड पर रहकर शहर की सफाई व्यवस्था एवं सौंदर्य को सुव्यवस्थित किया जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जो भी साइन बोर्ड टूटे हुए हैं, उन्हें ठीक किया जाए। सभी शाखाएँ आपस में समन्वय से कार्य करें। शहर को बदरंग करने वाले अवैध होर्डिंग-बैनर-पोस्टर को हटाया जाये।
आमजन की शिकायतों का धरातल पर हो तत्काल निस्तारण- पूनम
