- 55 लाख रुपए कीमत की 10 किलो अफीम एवं 20 किलो अफीम डोडा पोस्त चूरा सहित ट्रक जप्त
जयपुर। हनुमानगढ़ डीएसटी व थाना टाउन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई में नशे की बड़ी खेप के साथ पंजाब निवासी दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों तस्कर हरजीत सिंह उर्फ गोरा पुत्र सकतर सिंह (38) निवासी सरहाली जिला तरनतारण एवं मेहर सिंह उर्फ काका पुत्र कलवंत सिंह (20) निवासी चोला साहब जिला तरनतारण पंजाब फल-सब्जी की आड़ में अपने ट्रक कैंटर से नशे की तस्करी करते है।
एसपी अरशद अली ने बताया कि टीम ने ट्रक से 10 किलो अफीम और 30 किलो अफीम डोडा पोस्त चूरा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की कुल कीमत 55 लाख रुपये आंकीं गई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनसे मादक पदार्थ की खरीद फरोख्त के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है। जिले में नशा एवं नशा तस्करों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस के नीति अनवरत जारी है। इसी क्रम में जिले के समस्त एसएचओ सहित डीएसटी प्रभारी को विशेष दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। रविवार को डिस्ट की सूचना पर थाना हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने गश्त के दौरान भारत माता ओवर ब्रिज के नीचे रावतसर रोही कोहला रोड पर केलों से भरे एक सन्दिग्ध ट्रक कैंटर को रुकवा यह कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई में हनुमानगढ़ डीएसटी टीम की विशेष भूमिका रही। आरोपियों को गिरफ्तार कर नशे की बड़ी खेप पकड़ने वाली टीम में एसएचओ सुभाष चंद्र, कांस्टेबल प्रदीप सिंह, देवीलाल, प्रदीप कालवी एवं कांस्टेबल चालक भीमसेन शामिल थे।
फल सब्जी की आड़ में ट्रक से करते थे नशे की तस्करी, पंजाब निवासी दो तस्कर गिरफ्तार
