उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी करेंगी सबसे बड़े रावण का दहन
जयपुर। विद्याधर नगर में दशहरे की धूम इस बार कुछ ज्यादा ही रहने वाली है। वीडीएन फाउंडेशन की ओर से विद्याधर नगर स्टेडियम में तीन दिवसीय भव्य दशहरा महामहोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं।
फाउंडेशन के अध्यक्ष महेंद्र गोयल ने बताया कि महोत्सव के मुख्य आकर्षण 121 फुट के रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों के दहन के लिए उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी को मुख्य अतिथि के तौर पर निमंत्रण दिया गया है। निमंत्रण देने के दौरान समिति के अध्यक्ष महेंद्र गोयल, उपाध्यक्ष मनीष जालान, महिला अध्यक्ष दिव्या शर्मा और कोषाध्यक्ष नितिन खंडेलवाल मौजूद रहे।
10 से 20 अक्टूबर तक चल रहे गरबा रास डांडिया में 8वें दिन भी उमड़ा जनसमूह
फाउंडेशन द्वारा 10 अक्टूबर से शुरू हुआ गरबा रास डांडिया लगातार परवान पर है। 8वें दिन भी स्टेडियम में हजारों की संख्या में लोग गरबा करने पहुंचे। महिलाओं, युवतियों और बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
महोत्सव का शेड्यूल
18 अक्टूबर, रविवार – भव्य डांडिया रास 2026: महोत्सव की शुरुआत शाम 7 बजे उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी की पुत्री गौरवी कुमारी गरबा-डांडिया करेंगी। इस रात प्रसिद्ध वासुकी बैंड अपनी प्रस्तुति देगा। मंच संचालन विकास सक्सेना, खुशबू कपूर करेंगी। इस दौरान मिसेज इंडिया विजेता श्वेता मेहता मोदी और मिस इंटरकॉन्टिनेंटल इंडिया 2023 भावना वैष्णव भी मौजूद रहेंगी। सर्वश्रेष्ठ जोड़ा वेशभूषा एवं नृत्य, सर्वश्रेष्ठ महिला वेशभूषा, सर्वश्रेष्ठ पुरुष वेशभूषा, सर्वश्रेष्ठ बाल वेशभूषा और सर्वश्रेष्ठ ऊर्जावान प्रस्तुति के लिए पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रवेश केवल पास द्वारा होगा।
19 अक्टूबर, सोमवार – विशाल कवि सम्मेलन: दूसरे दिन शाम 7 बजे से देश के नामचीन कवि शंभू शिखर बिहार, हेमंत पांडे कानपुर, गौरव शर्मा मुंबई, हरीश हिंदुस्तानी राजस्थान रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
20 अक्टूबर, मंगलवार – विजयदशमी पर महादहन: महोत्सव का मुख्य आकर्षण विजयदशमी पर होगा। इस दिन जयपुर के सबसे बड़े 121 फुट के रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा। इस दौरान नॉन स्टॉप आतिशबाजी से आसमान रोशन होगा। मेले में बच्चों और परिवारों के लिए आकर्षक झूले और खानपान की स्टॉल्स की विशेष व्यवस्था रहेगी।
विद्याधर नगर में 3 दिन का दशहरा महामहोत्सव, 121 फुट के दशानन के दहन की तैयारी


