हास्य, व्यंग्य, ओज और वीर रस की कविताओं से गूंजा सभागार, कवियों की शानदार प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध
जयपुर। गुलाबी नगरी जयपुर के 299वें स्थापना दिवस समारोह के तहत मंगलवार को बिरला ऑडिटोरियम में कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। देशभर से आए ख्यातनाम कवियों एवं कवयित्री ने अपनी शानदार काव्य प्रस्तुतियों से सभागार को साहित्यिक रंगों से सराबोर कर दिया। हास्य, व्यंग्य, ओज और वीर रस से सजी कविताओं ने कभी श्रोताओं को ठहाके लगाने पर मजबूर किया तो कभी राष्ट्रप्रेम और वीरता के भावों से भावविभोर कर दिया। पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इससे पूर्व महापौर सुनील कोठारी एवं उपमहापौर श्रीमती सरोज कंवर ने पार्षदों के साथ मोती डूंगरी गणेष जी को निमंत्रण अर्पित किया। इस अवसर पर पार्षद श्रीमती प्रतिभा शर्मा, श्रीमती जयश्री गर्ग, श्रीमती कविता शर्मा, गिर्राज शर्मा, सुभाष संघी सहित अन्य पार्षद गण एवं आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध वीर रस के कवि हरिओम पंवार (मेरठ), लोकप्रिय हास्य-व्यंग्य कवि एहसान कुरैशी (मुंबई), दिनेश रघुवंशी (फरीदाबाद), सुरेश अलबेला (कोटा), प्रियांशु गजेंद्र (बाराबंकी), राव अजातशत्रु (उदयपुर) एवं कवयित्री दिपिका माही (चित्तौड़गढ़) ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम का संयोजन एकेश पार्थ ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े द्वारा किया गया इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, विधायक कालीचरण शर्मा, गोपाल शर्मा, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, अन्य गणमान्य लोग एवं जनप्रतिनिधीगण मौजूद रहे
कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से सामाजिक सरोकारों, देशभक्ति, जीवन मूल्यों, समसामयिक विषयों और मानवीय संवेदनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। हास्य-व्यंग्य की रचनाओं पर दर्शक खूब खिलखिलाए, वहीं ओज एवं वीर रस की कविताओं ने श्रोताओं में जोश और राष्ट्रप्रेम का संचार किया। कवियों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने स्थापना दिवस समारोह को यादगार बना दिया।
उल्लेखनीय है कि जयपुर के 299वें स्थापना दिवस के अवसर पर नगर निगम जयपुर की ओर से 17 एवं 18 नवम्बर को दो दिवसीय समारोह आयोजित किया जा रहा है। समारोह का शुभारंभ मंगलवार प्रातः मोती डूंगरी गणेश मंदिर में प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश को निमंत्रण अर्पित कर किया गया। वहीं शहर के प्रमुख ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों पर शहनाई वादन के माध्यम से स्थापना दिवस का उत्सवी माहौल बनाया गया।
समारोह के दूसरे दिन बुधवार, 18 नवम्बर को प्रातः 9ः30 बजे गंगापोल दरवाजे पर गणेश पूजन तथा प्रातः 10ः30 बजे गोविंद देवजी मंदिर में दर्शन एवं पूजन का कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं सायं 5 बजे स्टेच्यू सर्किल पर भव्य दीप प्रज्जवलन कार्यक्रम के साथ जयपुर स्थापना दिवस का उत्सव रोशनी और उल्लास के बीच मनाया जाएगा।
299वें जयपुर स्थापना दिवस पर बिरला ऑडिटोरियम में सजी काव्य रसधारा, देशभर के कवियों ने बांधा समां


