जयपुर। राजस्थान विधानसभा का मानसून सत्र 20 अगस्त से शुरू होगा। सत्र की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दिल्ली दौरे पर हैं। गुरुवार को उन्होंने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
केंद्रीय गृहमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तस्वीर साझा कर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अमित शाह से मुलाकात की जानकारी दी गई। विधानसभा सत्र से पहले मुख्यमंत्री का यह दिल्ली दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जनहित के मुद्दों पर होगी चर्चा
राजस्थान सरकार में मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि संविधान और विधायी प्रक्रियाओं के अनुसार विधानसभा का सत्र नियमित अंतराल पर बुलाया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र में प्रदेश के विकास, जनकल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा होती है और सरकार के महत्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी दी जाती है।
उन्होंने बताया कि मानसून सत्र 20 अगस्त से शुरू करने का प्रस्ताव है। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश की जनता के हित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा और आवश्यक विधेयक प्रस्तुत किए जाएंगे।
सरकार की योजनाओं पर रहेगा फोकस
मंत्री जोराराम कुमावत ने राज्य सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि किसानों को मजबूत बनाने, महिलाओं को सशक्त करने, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और गरीबों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की ‘राइजिंग राजस्थान’ पहल प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और इससे निजी क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी तैयार हो रहे हैं।
20 अगस्त से राजस्थान विधानसभा का मानसून सत्र, दिल्ली में अमित शाह से मिले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा


