जयपुर। प्रवासी राजस्थानी दिवस 2026 में राजस्थान को वर्ष 2047 तक दुनिया के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल करने के वि जन पर विशेष चर्चा होगी। 10 दिसंबर को जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (JECC) में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम के छह सेक्टरल सेशन में से एक टूरिज्म पर होगा। इस सेशन की थीम ‘राजस्थान@2047: हेरिटेज, इनोवेशन एंड ग्लोबल अपॉर्च्युनिटीज’ रखी गई है। इसमें टूरिज्म इंडस्ट्री से जुड़े विशेषज्ञ और अन्य स्टेकहोल्डर्स राजस्थान में पर्यटन की संभावनाओं, निवेश और नए अवसरों पर विचार-विमर्श करेंगे।
राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक किले-महल, शेखावाटी की खूबसूरत हवेलियां, वन्यजीव, अलग-अलग तरह के प्राकृतिक स्थल और यहां के खास पर्यटन अनुभव राज्य को ग्लोबल टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने की बड़ी क्षमता रखते हैं। इस सत्र में हेरिटेज संरक्षण, पर्यटन के नए विकल्प विकसित करने, इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने, इनोवेशन और निवेश को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी।
सत्र में हेरिटेज, कल्चरल और एक्सपिरियंशियल टूरिज्म, वाइल्डलाइफ और एडवेंचर ट्यूरिज्म, इको-टूरिज्म, रूरल और स्पिरिचुअल टूरिज्म जैसे क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं पर चर्चा होगी। इसके साथ ही MICE टूरिज्म, AI आधारित पर्यटन अनुभव, डेस्टिनेशन वेडिंग, मेडिकल और वेलनेस टूरिज्म, सस्टेनेबल टूरिज्म, स्किल डेवलपमेंट तथा स्थानीय समुदायों की भागीदारी बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषय भी चर्चा के केंद्र में रहेंगे।
इस दौरान राजस्थान की पर्यटन संभावनाओं और विजन 2047, राज्य की नीतिगत व्यवस्था, इन्वेस्टमेंट इनिसिएटिव्ज और विभिन्न प्रोजेक्ट की प्रगति पर भी विचार-विमर्श होगा। पर्यटन से जुड़े प्रतिनिधि और विशेषज्ञ नए पर्यटन सेवाओं, नए डेस्टिनेशन, निवेश के अवसरों तथा इंफ्रास्ट्रक्चर की आवश्यकताओं पर अपने सुझाव साझा करेंगे। सत्र का उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र की प्राथमिकता वाली परियोजनाओं, आवश्यक नीतिगत बदलावों और उनके क्रियान्वयन के लक्ष्यों की पहचान करना है।
राजस्थान के पर्यटन क्षेत्र में लगातार सकारात्मक वृद्धि दर्ज की जा रही है। जनवरी से अगस्त 2026 के बीच राज्य में पर्यटकों की संख्या में पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 8.50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। राज्य सरकार विभिन्न नीतिगत पहलों के माध्यम से पर्यटन क्षेत्र को नई गति देने और निवेश के अनुकूल माहौल तैयार करने में जुटी है। इनमें राजस्थान होमस्टे (पेइंग गेस्ट हाउस) स्कीम 2026, राजस्थान फिल्म टूरिज्म प्रमोशन पॉलिसी, 2025, राजस्थान टूरिज्म यूनिट पॉलिसी 2024 और राजस्थान रूरल टूरिज्म स्कीम, 2022 शामिल हैं।
पर्यटन क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने के भी सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। 18 नवंबर 2026 तक 17,641 करोड़ रुपये के निवेश वाले 453 MoUs धरातल पर उतर चुके हैं। इसके अलावा राजस्थान टूरिज्म यूनिट पॉलिसी, 2024 के तहत 29,927 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश वाली 1,738 नई पर्यटन परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं से राज्य में करीब 1 लाख नए कमरों की आवास सुविधा विकसित होने की उम्मीद है।
पर्यटन विभाग की सचिव श्रीमती शुचि त्यागी ने कहा, “राजस्थान की समृद्ध विरासत और सांस्कृतिक पहचान पर्यटन के विकास का मजबूत आधार है। हमारा विजन इस विरासत को इनोवेशन, पर्यटन के नए अनुभवों और निवेश के अनुकूल माहौल के माध्यम से विश्वस्तरीय पर्यटन अनुभवों में बदलना है। वर्ष 2047 को ध्यान में रखते हुए हमारा फोकस राजस्थान को दुनिया के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल करने पर है। साथ ही, यह भी सुनिश्चित करना है कि पर्यटन के विकास से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार, आजीविका और नए अवसर पैदा हों”
टूरिज्म सेक्टरल सेशन राजस्थान के पर्यटन विजन को ग्लोबल अनुभव, इंडस्ट्री के सुझावों और निवेश के अवसरों से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच होगा। इसमें राज्य में विविधतापूर्ण, प्रतिस्पर्धी और टूरिज्म इकोसिस्टम विकसित करने के लिए आवश्यक रणनीतियों पर भी चर्चा होगी।
प्रवासी राजस्थानी दिवस 2026 में राजस्थान के टूरिज्म विजन 2047 पर रहेगा फोकस, ग्लोबल अवसरों और निवेश पर होगा मंथन

