ऑपरेशन संकल्प के तहत बड़ी कामयाबी ; मिर्ची की थैली में छिपा रखी थी सिंथेटिक ड्रग
जयपुर। नागौर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन संकल्प – नशामुक्त नागौर के तहत नशे के सौदागरों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में डेगाना थाना पुलिस एवं जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लगभग 1 करोड़ रुपये कीमत की 979.02 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए (सिंथेटिक ड्रग्स) बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नागौर रोशन मीणा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी एवं वृताधिकारी डेगाना जयप्रकाश बेनिवाल के सुपरविजन में की गई। थानाधिकारी डेगाना हरीश सांखला एवं डीएसटी प्रभारी विजय सिंह के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर सूचना पर चौखा की ढाणी खुडी कलां में दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी श्रवणराम के घर से मिर्ची की थैली में छुपाकर रखा गया 979.02 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया। आरोपी की चालाकी के बावजूद पुलिस ने सटीक कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ को जब्त कर लिया।
इस संबंध में पुलिस थाना डेगाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी श्रवणराम विश्नोई (42) को गिरफ्तार किया गया है। वहीं विनित विश्नोई निवासी मेड़तारोड नामक एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। प्रकरण का अनुसंधान थानाधिकारी थांवला अशोक कुमार चौधरी को सौंपा गया है।
पूरी कार्रवाई में डेगाना थाना पुलिस एवं जिला स्पेशल टीम नागौर की अहम भूमिका रही। विशेष रूप से थानाधिकारी हरीश सांखला एवं डीएसटी के हेड कांस्टेबल महेन्द्र का योगदान उल्लेखनीय रहा।
ऑपरेशन संकल्प के तहत बड़ी कार्रवाई, 1 करोड़ की एमडीएमए बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार


