जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) आयुक्त सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में स्टेकहोल्डर्स बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें CREDAI और TODAR के प्रतिनिधियों सहित निर्माण क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया। यह बैठक संवाद कार्यक्रम के तहत आयोजित की गई, जिसके तहत समय समय पर हितधारकों एवं आमजन के साथ बैठक कर सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है एवं उनकी समस्याओं का हाथों हाथ निस्तारण किया जा रहा है ।
बैठक में शहर के सुनियोजित विकास को लेकर सार्थक और विस्तृत चर्चा हुई। इसमें बेहतर निर्माण मानकों को अपनाने, आवासीय योजनाओं में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने, सुगम एवं चौड़ी एप्रोच रोड विकसित करने तथा अवैध अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने कहा कि नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के मार्गदर्शन में जेडीए का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें व्यवहारिक और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाना है। इसके लिए सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ निरंतर संवाद आवश्यक है, ताकि जमीनी स्तर की चुनौतियों को समझकर उनका समयबद्ध समाधान किया जा सके।
बैठक में उपस्थित स्टेकहोल्डर्स ने जेडीए द्वारा शुरू की गई इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के नियमित संवाद से पारदर्शिता बढ़ी है और उनकी समस्याओं को सीधे प्रशासन तक रखने का प्रभावी मंच मिला है। उन्होंने संतोष और प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जेडीए की यह पहल शहर के सुव्यवस्थित और संतुलित विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
जेडीए द्वारा इसी तरह हितधारकों से संवाद कार्यक्रम का आयोजन भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रखा जाएगा, जिससे जयपुर के शहरी विकास को नई गति मिल सके।
इस बैठक में सचिव निशांत जैन, अतिरिक्त आयुक्त डॉ प्रिया बलराम, श्रीमती प्रतिभा पारीक, निदेशक टाउन प्लानिंग मृणाल जोशी सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे ।
संवाद से समाधान: जेडीए के संवाद कार्यक्रम के तहत आयोजित हुई हितधारक संवाद बैठक


