हनुमानगढ़ पुलिस की अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
चंडीगढ़ निर्मित 530 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद, गुजरात में सप्लाई की थी तैयारी
जयपुर।
महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार हनुमानगढ़ पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपये कीमत की चंडीगढ़ निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब से भरे ट्रक को जब्त कर दो तस्करों—दलीप उर्फ दीप निवासी नेतराना गोगामेड़ी तथा विक्रम निवासी नेतराना गोगामेड़ी—को गिरफ्तार किया है। ट्रक से विभिन्न ब्रांड की कुल 530 पेटी शराब में 25,440 पव्वे बरामद किए गए हैं।
फोम के गद्दों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे शराब
हनुमानगढ़ जिला पुलिस अधीक्षक बी.आदित्य ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चंडीगढ़ से अवैध शराब ट्रक के जरिए गुजरात सप्लाई करने की फिराक में थे। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए शराब की पेटियों को ट्रक में फोम के गद्दों के नीचे छिपा रखा था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नोहर श्रीमती गीता चौधरी, पुलिस वृत्ताधिकारी भादरा कुलदीप सिंह के निकटतम सुपरविजन तथा थाना भादरा थानाधिकारी राधेश्याम पुनी के नेतृत्व में पुलिस टीम 19 अगस्त 2026 की रात्रि कस्बा भादरा में गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्रवीण कुमार सजन, पुलिस थाना गोगामेड़ी एवं सुरेन्द्र खीचड़, कानि. 815, एजीटीएफ टीम हनुमानगढ़ द्वारा सूचना दी गई कि एक संदिग्ध ट्रक कस्बा भादरा की तरफ आ रहा है, जिसमें अवैध शराब भरी हुई है।
सूचना पर पुलिस टीम ने कैनाल कॉलोनी, कस्बा भादरा के पास ट्रक नंबर RJ 49 GA 3114 को रुकवाकर तलाशी ली। ट्रक में फोम के गद्दों के नीचे छिपाकर रखी गई चंडीगढ़ निर्मित विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 530 पेटियां बरामद हुईं। इनमें ROYAL CHALLENGE एवं ALL SESSION सहित अन्य ब्रांड की कुल 25,440 पव्वे शामिल हैं।
दोनों आरोपियों का रहा है शराब तस्करी का आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपी दलीप उर्फ दीप के खिलाफ पूर्व में गुजरात राज्य के पुलिस थाना कटवारा में शराब तस्करी का प्रकरण दर्ज है। वह कुछ माह पूर्व ही जमानत पर बाहर आया था।
इसी प्रकार दूसरे आरोपी विक्रम के खिलाफ पूर्व में पाली जिले के रोहट थाना में शराब तस्करी का प्रकरण दर्ज है। वह भी कुछ माह पूर्व जमानत पर बाहर आया था।
पुलिस द्वारा बरामद शराब के संबंध में प्रकरण संख्या 328/2026, धारा 19/54 राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ एवं विस्तृत अनुसंधान जारी है।
अंतरराज्यीय शराब तस्करी पर जारी रहेगा शिकंजा
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने कहा कि अवैध शराब एवं अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ हनुमानगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। तस्करी के नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का विशेष फोकस अंतरराज्यीय सीमाओं से होने वाली अवैध शराब की आवाजाही पर है।