राजस्थान पुलिस का जूनभर चल रहा विशेष अभियान, सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ा शिकंजा
जयपुर। सड़क सुरक्षा को लेकर राजस्थान पुलिस का विशेष अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। राज्यभर में 1 जून से 30 जून 2026 तक चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत 22 जून को एक ही दिन में 8,317 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य वाहनों में किए गए अवैध बदलावों और मोटरयान अधिनियम के उल्लंघनों पर प्रभावी अंकुश लगाकर आमजन के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार तथा महानिदेशक पुलिस प्रशिक्षण एवं यातायात अनिल पालिवाल के पर्यवेक्षण में राज्य के सभी जिलों में जिला पुलिस और यातायात पुलिस संयुक्त रूप से यह अभियान चला रही है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस यातायात डॉ. बी.एल. मीना ने बताया कि अभियान के दौरान उन वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जिनमें अनधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट, हूटर, एयर हॉर्न, प्रेशर हॉर्न, काली फिल्म, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, वाहन पर अनधिकृत शब्द एवं चिन्ह तथा वाहन की संरचना में अवैध परिवर्तन जैसे उल्लंघन पाए जा रहे हैं।
आंकड़ों की जुबानी: 22 जून को हुई बड़ी कार्रवाई
सोमवार 22 जून की कार्रवाई के आंकड़े बताते हैं कि सबसे अधिक 2,873 चालान ब्लैक फिल्म लगे वाहनों के विरुद्ध किए गए। इसके अलावा 1,993 वाहनों पर नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 1,312 वाहनों पर अनधिकृत शब्द एवं चिन्ह, 951 वाहनों में अवैध संरचनात्मक परिवर्तन, 767 वाहनों पर अनधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर एवं हूटर तथा 421 वाहनों पर प्रेशर हॉर्न एवं एयर हॉर्न के मामलों में कार्रवाई की गई।
एडीजी डॉ मीना ने बताया कि सड़क सुरक्षा से समझौता करने वाले ऐसे उल्लंघनों के विरुद्ध यह अभियान पूरे जून माह तक निरंतर जारी रहेगा। आमजन से भी अपील की गई है कि वे अपने वाहनों में मोटरयान अधिनियम एवं केंद्रीय मोटरयान नियमों के अनुरूप ही उपकरणों एवं नंबर प्लेट का उपयोग करें, ताकि सुरक्षित, व्यवस्थित और अनुशासित यातायात व्यवस्था कायम रखी जा सके।


