जयपुर। राजस्थान में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश से गुजर रही मानसून ट्रफ लाइन और उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से अगले चार दिनों तक अधिकांश जिलों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए भारी और अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पिछले 24 घंटों में ब्यावर और भीलवाड़ा में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई। ब्यावर जिले के बदनोर में 225 मिमी, ब्यावर शहर में 110 मिमी तथा भीलवाड़ा के आसींद और बागौर में 120-120 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। झालावाड़ के अकलेरा में 81 मिमी और झालरापाटन में 73 मिमी वर्षा हुई। कई इलाकों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित रहा। धौलपुर, जयपुर, सीकर, झुंझुनूं और बारां में भी कई स्थानों पर अच्छी बारिश हुई।
बारिश के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम है। अजमेर में 27 डिग्री, अलवर में 30 डिग्री, कोटा में 29.8 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 29.6 डिग्री और डूंगरपुर में 30.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं, जैसलमेर (40 डिग्री) और बाड़मेर (39.3 डिग्री) प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे।
बांसवाड़ा, बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, झालावाड़, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूम्बर और उदयपुर में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
अजमेर, अलवर, ब्यावर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक, बालोतरा, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जालोर, जोधपुर, नागौर, पाली, फलौदी और श्रीगंगानगर में मेघगर्जन, वज्रपात तथा कई स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 26 जुलाई तक कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में अधिकांश स्थानों पर बारिश होने तथा कई जगह भारी और एक-दो स्थानों पर अति भारी वर्षा की संभावना है। पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में इसका असर सबसे अधिक रहेगा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और प्रदेश से गुजर रही मानसून ट्रफ लाइन के कारण बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिल रही है। इसी वजह से आगामी दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इस बारिश से खरीफ फसलों को भी अच्छा लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
राजस्थान में मानसून फिर मेहरबान, 4 दिन भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट


