पांचवें राज्य स्तरीय विशेष अभियान में 519 टीमों ने गांव-गांव पहुंचकर संभाली व्यवस्थाएं
3427 शिकायतों का त्वरित निस्तारण, 732 हैंडपंप एवं 398 पाइपलाइन लीकेज दुरुस्त
1140 अवैध जल कनेक्शन हटाए, जल चोरी करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
जयपुर। राज्य सरकार गर्मी के मौसम में आमजन को पर्याप्त एवं सुचारु पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप प्रदेश भर में ग्रामीण पेयजल व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने हेतु प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा शनिवार को प्रदेश भर में पांचवां राज्य स्तरीय विशेष अभियान आयोजित किया गया।अभियान के दौरान गठित 519 विशेष टीमों ने गांव-गांव पहुंचकर पेयजल स्रोतों एवं जलापूर्ति व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया तथा सामने आई समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया। अभियान का उद्देश्य गर्मी के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध एवं नियमित पेयजल आपूर्ति बनाए रखना है। यह विशेष अभियान आगामी 30 जून तक प्रत्येक शनिवार को प्रदेशभर में संचालित किया जाएगा।
अवैध जल कनेक्शनों पर सख्ती, 1140 कनेक्शन हटाए
विशेष अभियान के दौरान अवैध जल कनेक्शनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए 1140 अवैध जल कनेक्शन हटाए गए। इनमें ऐसे कनेक्शन भी शामिल थे जिनके माध्यम से होटल एवं खेतों में अवैध रूप से पेयजल का उपयोग किया जा रहा था। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगभग 86.58 लाख रुपए की पेनल्टी लगाई है, साथ ही अवैध जल उपयोग एवं चोरी करने पर 18 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करवाने की कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जल चोरी एवं अवैध जल कनेक्शनों के मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
हैंडपंप और पाइपलाइन सुधार कार्यों से मजबूत हुई जलापूर्ति व्यवस्था
अभियान के दौरान खराब पड़े 732 हैंडपंपों की मरम्मत कर उन्हें पुनः चालू किया गया। साथ ही 398 पाइपलाइन लीकेज को दुरुस्त कर जलापूर्ति व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाया गया। इसके अतिरिक्त 1275 अन्य पेयजल सुधार कार्य भी सफलतापूर्वक पूर्ण किए गए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को व्यापक मजबूती मिली।
तकनीकी टीमों की तत्परता से 3427 शिकायतों का मौके पर समाधान
विभागीय तकनीकी टीमों ने सक्रियता एवं समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान के दौरान कुल 3427 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया। शिकायतों के त्वरित समाधान से ग्रामीणों में संतोष का वातावरण देखने को मिला तथा विभाग के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ।
हर गांव तक निर्बाध पेयजल पहुंचाने की दिशा में प्रभावी पहल
विभाग द्वारा संचालित यह राज्यव्यापी विशेष अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में संभावित पेयजल संकट को कम करने की दिशा में प्रभावी साबित हो रहा है। विभाग का लक्ष्य है कि गर्मी के मौसम में प्रदेश के प्रत्येक गांव तक पर्याप्त, नियमित एवं निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर ग्रामीण पेयजल व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने की मुहिम तेज


