अभियान को जन आंदोलन बनाने की आमजन से अपील
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा राज्य सरकार की जल एवं पर्यावरण संरक्षण नीति को आगे बढ़ाते हुए प्रदेशभर में “वंदे गंगा जल संरक्षण–जन अभियान” चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला स्तरीय कार्यक्रम सोमवार को शाम 4:00 बजे श्री गलता तीर्थ पर आयोजित होगा।
जिला कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि 25 मई से 05 जून विश्व पर्यावरण दिवस तक चलने वाले इस अभियान के तहत वर्षा जल संरक्षण, जल स्रोतों के रखरखाव एवं स्वच्छता को जन आंदोलन का रूप दिया जा रहा है। इस अवसर पर सम्पूर्ण जिले की 06 पंचायत समितियों की 168 ग्राम पंचायतों के समस्त गांवों में जल पूजन, दीप प्रज्वलन, श्रमदान, पौधारोपण, जल स्रोतों की मरम्मत, सार्वजनिक स्थलों की साफ सफाई संग्रहण इकाइयों एवं नालों की सफाई सहित विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
अभियान के अंतर्गत आमजन, स्वयंसेवी संस्थाओं, गैर सरकारी संगठनों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक संगठनों एवं औद्योगिक इकाइयों से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने का आह्वान किया गया है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण एवं जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई जाएगी, जिससे स्वच्छ एवं हरित राजस्थान के संकल्प को मजबूती मिल सके।
वंदे गंगा जल संरक्षण–जन अभियान आज से 5 जून तक चलेगा


