सारंगपुर। राजस्थान के धौलपुर से उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए जा रहे एक परिवार की कार मध्यप्रदेश के सारंगपुर के पास हादसे का शिकार हो गई। मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे-52 पर शिमला होटल और मऊ के पास कार सड़क किनारे खड़े खराब डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कार में ड्राइवर समेत कुल सात लोग सवार थे। शुरुआती जांच के अनुसार, ड्राइवर आगे चल रही दूसरी गाड़ी को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।
हादसे में अंकुर और अर्चना के दो बेटे अंश (14) और तेजस (10) सुरक्षित बच गए। वहीं कार चालक अब्दुल और परिवार के सदस्य निहाल (22) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को पहले शाजापुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें इंदौर रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही सारंगपुर थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजे गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में ओवरटेक के दौरान कार का संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह माना जा रहा है।
धौलपुर के परिवार की महाकाल यात्रा बनी मातम में, सड़क हादसे में 3 की मौत


