नई दिल्ली। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने बुधवार को पुष्टि की कि IPL 2027 की नीलामी दिसंबर में गोवा में आयोजित की जाएगी। सैकिया ने कहा, “तीन विदेशी स्थानों (सउदी अरब, दुबई और पिछले साल अबू धाबी में) पर IPL नीलामी के बाद हम इस बार गोवा में इसकी मेज़बानी करने वाले हैं।”
2024 में IPL ने घोषणा की थी कि 2027 का संस्करण 14 मार्च से 30 मई के बीच आयोजित किया जाएगा। पिछले सप्ताह BCCI की वार्षिक आम बैठक (AGM) के बाद सैकिया ने मीडिया से कहा था कि सीज़न मार्च के अंत में शुरू होगा। औपचारिक तारीखों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।अगले IPL से काफ़ी पहले ही कुछ टीमों के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली और सपोर्ट स्टाफ़ में बदलाव हो चुके हैं।
दोनों फ़्रैंचाइज़ी के बीच हुई अदला-बदली के चलते ऋषभ पंत, दिल्ली कैपिटल्स (DC) में वापस लौट चुके हैं और कुलदीप यादव लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का हिस्सा बन चुके हैं। चेन्नई सुपर किंग्स ने पूर्व भारतीय तेज़ गेंदबाज़ ज़हीर ख़ान को अपना मुख्य कोच नियुक्त किया है जबकि अजिंक्य रहाणे के संन्यास के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को नए कप्तान की तलाश है। मुंबई इंडियंस ने डायरेक्टर ऑफ़ परफ़ोर्मेंस के तौर पर ज़ुबिन भरुचा को अपने साथ जोड़ा है।
IPL ने अभी तक रिटेंशन की समयसीमा की घोषणा नहीं की है जो कि अमूमन नवंबर के अंत तक रहती है। 2025 और 2026 दोनों ही सीज़न में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने IPL का ख़िताब अपने नाम किया था।
दिसंबर में गोवा में होगी IPL 2027 की नीलामी


