यशवीर सूरा को मिले 42 मत, भाजपा प्रत्याशी राजेश कुमार गुर्जर को मिले 14 मत
जयपुर। जिला परिषद् जयपुर के जिला प्रमुख पद के निर्वाचन में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रत्याशी यशवीर सूरा निर्वाचित हुए। निर्वाचन के लिए आयोजित बैठक में जिला परिषद के 57 निर्वाचित सदस्यों में से 56 सदस्य उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं रिटर्निंग अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि जिला प्रमुख पद के निर्वाचन के लिए भाजपा की ओर से वार्ड संख्या 22 के निर्वाचित सदस्य राजेश कुमार गुर्जर तथा कांग्रेस की ओर से वार्ड संख्या 28 के निर्वाचित सदस्य यशवीर सूरा ने नामांकन-पत्र प्रस्तुत किए थे। संवीक्षा के बाद दोनों प्रत्याशियों के नामांकन-पत्र वैध पाए गए। मतदान के उपरांत हुई मतगणना में यशवीर सूरा को 42 तथा राजेश कुमार गुर्जर को 14 मत प्राप्त हुए। NOTA के पक्ष में कोई मत नहीं पड़ा। इसके बाद यशवीर सूरा को जिला परिषद् जयपुर के जिला प्रमुख पद पर विधिवत निर्वाचित घोषित किया गया तथा नियमानुसार शपथ दिलाई गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला परिषद् जयपुर के उप जिला प्रमुख पद का निर्वाचन गुरुवार, 26 नवंबर को जिला परिषद कार्यालय, जयपुर में आयोजित होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 10 बजे बैठक प्रारंभ होगी। प्रातः 11 बजे तक नामांकन-पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। प्रातः 11 बजे से 11:30 बजे तक नामांकन-पत्रों की संवीक्षा तथा प्रातः 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक अभ्यर्थिता वापस लेने की प्रक्रिया संपन्न होगी। इसके बाद आवश्यक होने पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान करवाया जाएगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेने वाले सभी निर्वाचित सदस्यों को अपना निर्वाचन प्रमाण-पत्र एवं फोटोयुक्त पहचान-पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
जिला प्रमुख पद पर कांग्रेस के यशवीर सूरा निर्वाचित


