नई दिल्ली। इंडिया ए महिला T20 और वनडे टीम की अनुष्का शर्मा अगुवाई करेंगी, जबकि मिन्नू मणि इंग्लैंड ए के ख़िलाफ़ आगामी घरेलू मैचों के लिए चार दिवसीय टीम की कप्तानी करेंगी। साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ सीरीज़ के लिए भारतीय स्क्वॉड में नहीं चुनी गई ऑफ़स्पिन-गेंदबाज़ी ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल को तीनों स्क्वॉड में शामिल किया गया है। वहीं लंबे समय तक चोट से बाहर रहने के बाद साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ भारत की T20I टीम में वापसी करने वाली ऑलराउंडर अमनजोत कौर को इंग्लैंड ए के ख़िलाफ़ T20 मैचों के लिए भी चुना गया है।
सीरीज़ की शुरुआत 30 नवंबर से पुणे में तीन T20 मैचों के साथ होगी, जिसके बाद 8 दिसंबर से तीन वनडे मैच खेले जाएंगे और इसका समापन 19 दिसंबर से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में एकमात्र चार दिवसीय मैच के साथ होगा।
23 वर्षीय अनुष्का ने इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड ए और ऑस्ट्रेलिया ए के ख़िलाफ़ इंडिया ए T20 टीम की कप्तानी की थी। सीमित ओवरों की सीरीज़ के लिए मणि को अनुष्का का उप-कप्तान बनाया गया है, जबकि तेजल हसबनिस को चार दिवसीय टीम का उप-कप्तान नामित किया गया है।
26 दिसंबर से शुरू होने वाले साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ T20I मैचों का हिस्सा होने जा रही जी. कमालिनी और निकी प्रसाद को इंडिया ए के T20 और वनडे स्क्वॉड में शामिल किया गया है। तेज़ गेंदबाज़ काश्वी गौतम को भी दोनों व्हाइट-बॉल स्क्वॉड में जगह मिली है। उन्होंने आख़िरी बार भारत के लिए अप्रैल 2026 में साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ T20I में खेला था, जहां उन्होंने तीन मैचों में एक विकेट लिया था। साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ केवल वनडे के लिए चुनी गई बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी शर्मा को T20 स्क्वॉड में शामिल किया गया है।
हाल ही में 2027 WPL नीलामी में मुंबई इंडियंस द्वारा चुनी गई सानिका चाल्के ने भी T20 स्क्वॉड में जगह बनाई है। महिला एशिया कप राइज़िंग स्टार्स टूर्नामेंट में और इस साल की शुरुआत में इंडिया ए के लिए प्रभावित करने वाली शीर्ष क्रम की बल्लेबाज़ वृंदा दिनेश को भी चुना गया है।
ऑस्ट्रेलिया ए के ख़िलाफ़ एकमात्र अनौपचारिक टेस्ट में इंडिया ए की जीत में 46 और 59 रन बनाने वाली प्रिया पुनिया ने मल्टी-डे और वनडे स्क्वॉड में अपनी जगह बरक़रार रखी है। उस मैच में उनकी ओपनिंग पार्टनर रहीं शुभा सतीश, जो भारत के लिए दो टेस्ट भी खेल चुकी हैं को भी मल्टी-डे स्क्वॉड में शामिल किया गया है।
ऑस्ट्रेलिया ए के ख़िलाफ़ व्हाइट-बॉल स्क्वॉड का हिस्सा रहने वाली विकेटकीपर-बल्लेबाज़ उमा छेत्री को भी चार-दिवसीय स्क्वॉड में नामित किया गया है। आंध्र की बल्लेबाज़ हेनरीटा परेरा, गोवा की बल्लेबाज़ पूर्वाजा वेरलेकर, उत्तराखंड की बाएं हाथ की स्पिनर अमीषा बहुखंडी और राजस्थान की मध्यम-गति की तेज़ गेंदबाज़ हैप्पी कुमारी भी मल्टी-डे स्क्वॉड में हैं।
T20 के लिए इंडिया ए स्क्वॉड: वृंदा दिनेश, तनीषा सिंह, सानिका चाल्के, अनुष्का शर्मा (कप्तान), निकी प्रसाद, जी. कमालिनी (विकेटकीपर), शिप्रा गिरी (विकेटकीपर), मिन्नू मणि, अमनजोत कौर, श्रेयंका पाटिल, वैष्णवी शर्मा, प्रेमा रावत, सायमा ठाकोर, मोनिका पटेल, काश्वी गौतम।
वनडे मैचों के लिए इंडिया ए स्क्वॉड: वृंदा दिनेश, तनीषा सिंह, प्रिया पुनिया, अनुष्का शर्मा (कप्तान), निकी प्रसाद, जी. कमालिनी (विकेटकीपर), शिप्रा गिरी (विकेटकीपर), मिन्नू मणि, तेजल हसबनिस, श्रेयंका पाटिल, अमीषा बहुखंडी, शबनम शकील, सायमा ठाकोर, अक्षिता भगत, काश्वी गौतम।
मल्टी-डे मैच के लिए इंडिया ए स्क्वॉड: शुभा सतीश, प्रिया पुनिया, तनीषा सिंह, पूर्वाजा वेरलेकर, हेनरीटा परेरा, तेजल हसबनिस, शिप्रा गिरी (विकेटकीपर), उमा छेत्री (विकेटकीपर), मिन्नू मणि (कप्तान), श्रेयांका पाटिल, सायमा ठाकोर, अक्षिता भगत, अमीषा बहुखंडी, हैप्पी कुमारी, शबनम शकील।
इंग्लैंड ए सीरीज़ के लिए इंडिया ए स्क्वॉड में श्रेयंका; अनुष्का, मणि को बनाया गया कप्तान


