नई दिल्ली। पूर्व भारतीय कप्तान और T20 विश्व कप विजेता कोच राहुल द्रविड़ को यूरोपियन T20 लीग (ETPL) की टीम डबलिन गार्डियंस का मालिक घोषित किया गया है। यह ETPL की छह टीमों में से एक है, जो अगस्त 2026 में शुरू होने वाली छह टीमों की लीग में हिस्सा लेगी। क्रिकेट आयरलैंड, क्रिकेट स्कॉटलैंड और रॉयल डच क्रिकेट एसोसिएशन के साथ साझेदारी में शुरू की गई इस लीग में डबलिन, बेलफ़ास्ट, एडिनबर्ग, ग्लासगो, रॉटरडैम और एम्स्टर्डम की टीमें शामिल हैं। यह यूरोप की पहली ICC-मान्यता प्राप्त बहु-देशीय फ़्रैंचाइज़ी T20 लीग भी है।
द्रविड़ ने कहा, “ETPL की जो बात मुझे सबसे ज़्यादा आकर्षित कर गई, वह इसका बड़ा विज़न था। इस लीग से आयरलैंड और पूरे यूरोप में ग्रासरूट डेवलपमेंट को मज़बूत करके, उभरते हुए खिलाड़ियों के लिए रास्ता बनाकर क्रिकेट को आगे बढ़ाने का मौक़ा है। डबलिन में पहले से ही क्रिकेट को लेकर जुनूनी समुदाय है और यहां विकास की काफ़ी संभावनाएं हैं। अगली पीढ़ी को तैयार करना हमेशा मेरे लिए अहम रहा है और मुझे लगता है कि ETPL इस सफ़र में अहम भूमिका निभा सकती है।
बॉलीवुड स्टार अभिषेक बच्चन की सह-मालिकाना वाली इस लीग में कई पूर्व और मौजूदा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों की टीमें शामिल हैं, जिसमें ग्लेन मैक्सवेल (आयरिश वुल्व्स के सहमालिक), स्टीव वॉ (एम्स्टर्डम फ़्लेम्स के सहमालिक), नेथन मक्कलम-काइल मिल्स (एडिनबर्ग कैसल रॉकर्स के मालिक), क्रिस गेल (ग्लासगो कॉस्मिक के सहमालिक) और जोंटी रोड्स-फ़ाफ़ डु प्लेसी-हाइनरिक क्लासन (रॉटरडैम डॉकर्स के मालिक) प्रमुख नाम हैं। डु प्लेसी और मैक्सवेल तो इस लीग में खेलते भी नज़र आएंगे। उनके साथ स्टीवन स्मिथ, मिचेल मार्श, टिम डेविड, मिचेल सैंटनर और लियम लिविंगस्टन जैसे खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे।
द्रविड़ ने कहा, “मैं इनमें से कुछ नामों को जानता हूं, जो बेहद शानदार खिलाड़ी हैं। उनके लिए यह बेहतरीन मौक़ा होगा कि वे आयरलैंड, स्कॉटलैंड, नीदरलैंड और यूरोप के स्थानीय खिलाड़ियों के साथ खेलें। मुझे लगता है कि यही अपने आप में बहुत रोमांचक अवसर है।”
द्रविड़ ने कहा कि इस क्षेत्र में खेल को आगे बढ़ाने के लिए सिर्फ़ क्रिकेट की गुणवत्ता ही नहीं, बल्कि मज़बूत फ़ैन कल्चर और बेहतरीन मैच-डे अनुभव बनाना भी उतना ही ज़रूरी होगा।
उन्होंने कहा, “ज़मीनी स्तर पर यह जागरूकता पैदा करने, लोगों को मैदान तक लाने और उन्हें शानदार अनुभव देने की बात है। जब लोग क्रिकेट देखने आएं, तो क्रिकेट का स्तर ऊंचा होना चाहिए, लेकिन मैदान पर बाक़ी हर चीज़ का अनुभव भी बेहतर होना चाहिए क्योंकि हम कई बेहद स्थापित खेलों से मुकाबला कर रहे हैं।”
यूरोपियन T20 प्रीमियर लीग में डबलिन गार्डियंस के मालिक बने राहुल द्रविड़


