जयपुर। नगर निगम महापौर सुनील कोठारी एवं आयुक्त ओम कसेरा के निर्देशन में नगर निगम जयपुर द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं कचरा मुक्त बनाने के उद्देश्य से निरंतर विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में उपायुक्त, सिविल लाइंस जोन द्वारा क्लीन स्वीप ड्राइव के अंतर्गत सिविल लाइंस जोन के सोडाला, अजमेर रोड स्थित हाईवे के किनारे स्थानीय लोगों द्वारा बनाए गए कचरा पॉइंट का कायाकल्प किया गया।
अभियान के तहत उक्त स्थान से कचरे को हटाकर विशेष साफ-सफाई करवाई गई तथा आकर्षक वॉल पेंटिंग एवं सुंदर रंगोली बनाकर स्थल का सौंदर्यीकरण किया गया। इस पहल से पूर्व में गंदगी से प्रभावित रहने वाला स्थान अब स्वच्छ, सुंदर एवं आकर्षक स्वरूप में नजर आने लगा है।
महापौर सुनील कोठारी एवं आयुक्त ओम कसेरा के निर्देशन में नगर निगम द्वारा स्वच्छता के साथ-साथ शहर के सार्वजनिक स्थलों को सुंदर एवं आकर्षक बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इस प्रकार के नवाचारों से आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ ही जनभागीदारी को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।
नगर निगम का उद्देश्य शहर को कचरा मुक्त बनाना, सार्वजनिक स्थानों पर दोबारा कचरा एकत्रित होने से रोकना तथा नागरिकों को स्वच्छता अभियान से जोड़ना है।
नगर निगम जयपुर द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि वे खुले में कचरा नहीं डालें, कचरा संग्रहण वाहनों का उपयोग करें तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
क्लीन स्वीप ड्राइव के तहत कचरा पॉइंट का किया कायाकल्प, वॉल पेंटिंग एवं रंगोली से निखरा सार्वजनिक स्थल


