रिंगस। श्रीमाधोपुर तहसील के महरौली कस्बे के राजपूत सभाभवन में पूर्व सैनिक स्व विशन सिंह की स्मृति में आयोजित 9 दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा ज्ञान यज्ञ में श्रद्धा ओर भक्ति का भव्य संगम देखने को मिला।

कथा के दूसरे दिन प्रात:5 बजे से भव्य प्रभातफेरी निकाली गई जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। प्रभात फेरी शनि मंदिर से प्रारंभ होकर जयगढ़,लक्ष्मीनाथ जी मंदिर, नरसिंह मंदिर (बड़ा पाना) होते हुए कथा स्थल पहुंची। कस्बे के सभी प्रमुख मार्गों को रंगोली,पुष्पों ओर दीपकों से सजाया गया। कस्बे में जगह-जगह पुष्प वर्षा करके स्वागत किया गया।

जिससे वातावरण जय श्री राम के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। कथा वाचक व्यासपीठ से संत प्रहलाद महाराज ने प्रभातफेरी का महत्व बताते हुए कहा कि ये रामधुनि का संजीव रूप है। जो मन, वचन ओर कर्म से शुद्ध कर भक्ति मार्ग की ओर अग्रसर करता है। संगीतमय श्रीराम कथा में महाराज ने सरल और जीवन के गूढ़ संदेश दिए।

उन्होंने कहा कि सत्संग मनुष्य के विचारों में सकारात्मक परिवर्तन लाता है। संत प्रहलाद महाराज ने राम नाम को सबसे सरल साधना बताते हुए कहा कि राम नाम के स्मरण से मानसिक शांति प्राप्त होती है।

समाजसेवी शंकर सिंह फौजी ने बताया कि ये आयोजन स्व विशन सिंह की स्मृति में उनके परिवारजनों किशन सिंह,राजेंद्र सिंह,सुरेन्द्र सिंह,अजय प्रताप सिंह,यशवर्धन सिंह,आयुष्मान सिंह के सहयोग से किया गया है।


