जयपुर। भारत जागृति संघ द्वारा शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 को भांकरोटा स्थित सेंचुरी एलीट क्लब हाउस में अखंड भारत स्वाधीनता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. विवेक, हिमाचल प्रदेश, कार्यक्रम अध्यक्ष अमित पारीक, मुख्य अतिथि गौरीशंकर जी तथा भारत जागृति संघ जयपुर महानगर अध्यक्ष उम्मेद सिंह राजावत सहित संगठन के पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
मुख्य वक्ता डॉ. विवेक जी ने अपने उद्बोधन में भारत की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर बलिदानियों को स्मरण करते हुए कहा कि राष्ट्र के प्रति समर्पण और त्याग की भावना को वर्तमान पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने भारत के उन भू-भागों के विषय में भी विस्तार से प्रकाश डाला, जो विभिन्न ऐतिहासिक कालखंडों में भारत से अलग हुए। साथ ही देश की एकता, अखंडता एवं सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए समाज को जागरूक और संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संगठन मंत्री शीतल शर्मा ने संगठन के आगामी विस्तार और जनजागरण अभियानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत जागृति संघ का उद्देश्य संगठन को हर वार्ड, हर ग्राम, हर नगर और हर जिले तक मजबूत करना है। इसके साथ ही “घर-घर राम, हर घर रामायण” अभियान के माध्यम से परिवारों को रामचरितमानस एवं सनातन संस्कारों से जोड़ने तथा समाज में धार्मिक और सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
शीतल शर्मा ने हनुमान चालीसा शक्ति केंद्रों की स्थापना के माध्यम से युवाओं और समाज को संगठित करने की दिशा में भी कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रत्येक क्षेत्र में हनुमान चालीसा पाठ, सनातन शिक्षा, संस्कार एवं राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि संगठन के माध्यम से समाज में सेवा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत हो।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने अखंड भारत के संकल्प के साथ राष्ट्र, समाज एवं सनातन संस्कृति के प्रति समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में भारत जागृति युवा संघ के संयोजक अरुण सिंह जी एवं उनकी पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
कार्यक्रम में बहन हेमा कलाल,माया बहन, अरुण जी, नितेश माहेश्वरी, विवेक सिंह जी, विवेक मेघवंशी,रणवीर जी, गजेंद्र चौधरी, मयंक जी, तन्मय चौधरी, राहुल मिश्रा, भागवत सिंह, माधव गोयल, आशु कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अखंड भारत स्वाधीनता दिवस कार्यक्रम संपन्न


