जयपुर/चुरु । चूरू जिले की बीदासर थाना पुलिस ने इलाके की एक महिला के साथ दुष्कर्म और उसकी नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ करने के मामले में आरोपी इलियास पुत्र मुस्ताक (40) निवासी वार्ड नंबर 25 नेक नगर कस्बा बीदासर को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी जय यादव ने बताया कि 11 जनवरी को बीदासर थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने रिपोर्ट दी थी कि इलियास पिछले एक साल से उसके साथ दुष्कर्म करता आ रहा है, और उसने उसकी नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ की है। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एएसपी दिनेश कुमार व सीओ प्रहलाद राय के सुपरविजन एवं एसएचओ कैलाश चंद्र के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
आरोपी मुकदमा दर्ज होने की भनक लगते ही फरार हो गया था, जिसकी तलाश में थाना पुलिस ने कई जगह दबिश दी। आसूचना संकलन, तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना पर सोमवार को पुलिस ने आरोपी इलियास को डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
महिला के साथ दुष्कर्म और उसकी नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ के मामले में आरोपी गिरफ्तार
