जयपुर। शक्ति वंदन 2.0 के तहत सोमवार को एसएसजी पारीक पीजी महिला महाविद्यालय बनीपार्क में आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। 5 सितम्बर से कनोडिया कॉलेज से शुरू हुये शक्ति वंदन 2.0 कार्यक्रम के तहत अब तक की श्रृखंला में महारानी कॉलेज, आर्च कॉलेज, एमजीपीएस विद्याधर नगर, रेनबो स्कूल झोटवाड़ा, राजकीय विद्यालयों में आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किये जा चुके है। इन प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से छात्र नैतिकता का पाठ सीख रहे है तथा छात्राऐं शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूती के गुर सीख रही है।
महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर की पहल पर शुरू किये गये शक्ति वंदन 2.0 कार्यक्रमों के तहत अब तक सैकड़ों छात्र-छात्राऐं लाभान्वित हो चुके है। सोमवार को हुये प्रशिक्षण शिविर में मार्शल आर्ट एक्सपर्ट रिचा गौड़ एवं टीम ने सभी छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण लेने की ट्रेनिंग दी। मनोवैज्ञानिक दिपा रामचन्द्राणी ने छात्राओं को मन को मजबूत करने के तरीके बताए।
महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने इस अवसर पर कहा कि अपने पंच का उपयोग अन्याय के संहार के लिये तथा समाज में आई विकृति को दूर करने के लिये करना है। हम सभी के अंदर शक्ति है इस शक्ति को जागृत करने की आवश्यकता है।
महिला एवं बाल विकास समिति की चैयरमेन डॉ. मीनाक्षी शर्मा ने इस अवसर पर सभी छात्राओं को सम्बोधित करते हुये कहा कि सभी महिलाओं को शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत बनने के साथ सजग रहना आवश्यक है दुर्घटना कभी भी, किसी के साथ भी हो सकती है। इसलिये सजग रहना और स्वयं को मजबूत करना आवश्यक है। महाविद्यालय की प्रिसीपल श्रीमती विजयलक्ष्मी ने छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण लेने के लिये प्रोत्साहित किया।
महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर की पहल पर आयोजित शक्ति वंदन 2.0 कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राए बन रही शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत
