नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के नतीजों के रुझानों से आज यानी 4 जून को सेंसेक्स करीब 5000 अंकों की गिरावट के साथ 72,000 से नीचे कारोबार कर रहा है। वहीं, निफ्टी में भी करीब 1600 अंकों की गिरावट है, ये 21,650 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
23 मार्च 2020 के बाद ये बाजार की सबसे बड़ी गिरावट है। तब कोरोना के कारण बाजार 13.15% टूटा था। 22 मार्च को सेंसेक्स 29,915 के स्तर पर था जो 23 मार्च को 3934 अंक गिरकर 25,981 के स्तर पर आ गया था।
SBI, NTPC, पावर ग्रिड के शेयर 12% से ज्यादा नीचे
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 24 में गिरावट और 6 शेयरों में तेजी है। SBI, NTPC, पावर ग्रिड के शेयर 12% से ज्यादा नीचे है। वहीं हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर में करीब 5% की तेजी है।
PSU बैंक इंडेक्स 13% और ऑयल एंड गैस 10% टूटा
NSE के सभी सेक्टोरल इंडेक्स में गिरावट है। निफ्टी PSU बैंक इंडेक्स 13% से ज्यादा टूटा है। ऑयल एंड गैस इंडेक्स में करीब 10% की गिरावट है। निफ्टी मेटल में 9% और रियल्टी में 4% से ज्यादा की गिरावट है। ऑटो सेक्टर भी 3% से ज्यादा नीचे है।
रुझानों में NDA और I.N.D.I.A. के बीच टक्कर इसलिए बाजार गिरा
लोकसभा की 542 सीटों की काउंटिंग शुरू हो गई है। शुरुआती रुझान में NDA 284, I.N.D.I.A. 222 सीटों पर आगे चल रहा है। बाजार को अनुमान था कि NDA भारी बहुमत से आएगी, लेकिन अभी रुझानों में टक्कर देखने को मिल रही है।
HDFC बैंक, रिलायंस, ICICI बैंक में बिकवाली से बाजार में कमजोरी
HDFC बैंक, रिलायंस, ICICI बैंक, LT और SBI जैसे शेयरों में बिकवाली से सेंसेक्स में कमजोरी है। गिरावट में HDFC बैंक का कॉन्ट्रिब्यूशन 254 पॉइंट का है। वहीं HDFC बैंक का 235 पॉइंट और ICICI बैंक का 177 पॉइंट का कॉन्ट्रिब्यूशन है। दूसरी तरफ, टाइटन, एशियन पेंट, नेस्ले सनफार्मा और हिंदुस्तान यूनिलिवर मामूली रूप से बाजार को मजबूत कर रहे हैं।
FIIs ने 6850.76 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे
विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) और घरेलू संस्थागत निवेशक खरीदारी कर रहे हैं। NSE पर उपलब्ध अंतरिम आंकड़ों के अनुसार 3 जून, 2024 को FIIs ने 6850.76 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे जबकि DIIs ने 1913.98 करोड़ रुपए की खरीदारी की। लोकसभा चुनाव नतीजों से एक दिन पहले 3 जून को सेंसेक्स 2,777 पॉइंट की तेजी के साथ 76,738 और निफ्टी 808 पॉइंट चढ़कर 23,338 पर पहुंच गया था। हालांकि, बाद में बाजार अपने ऊपरी स्तरों से थोड़ा नीचे आया और सेंसेक्स 2,507 पॉइंट चढ़कर 76,468 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 733 पॉइंट चढ़ा और 23,263 के स्तर पर बंद हुआ था।
लोकसभा नतीजों के रुझानों से सेंसेक्स 6% टूटा:ये 5000 अंक गिरकर 72,000 से नीचे
