नई दिल्ली। कई टीवी सीरियल्स में काम कर इंडस्ट्री में अपने लिए नाम बना चुकीं एक्ट्रेस कृष्णा मुखर्जी (ने एक दर्दनाक एक्सपीरियंस का खुलासा किया है। उन्हें इस इंडस्ट्री में एक दशक से भी ज्यादा का समय बीत चुका है।कृष्णा ने ‘नागिन 3’, ‘कुछ तो है: नागिन के एक रंग में’ सहित कई सीरियल्स में काम किया है। मगर उन्हें पहचान ‘ये है मोहब्बतें’ से मिली। हाल ही में कृष्णा ने ‘शुभ शगुन’ के सेट पर उनके साथ किए गए गलत व्यवहार का खुलासा किया है।कृष्णा मुखर्जी ने इंस्टाग्राम पर खुलासा किया है कि वह पिछले डेढ़ साल से काफी कुछ झेल रही हैं। उनके साथ ‘शुभ शगुन’ के सेट पर काफी कुछ ऐसा हुआ, जिसके बारे में बात करने की उनमें हिम्मत नहीं थी, लेकिन अब वह इस बारे में बात कर रही हैं। उन्होंने चौंकाने वाली जानकारी दी। कृष्णा ने खुलासा किया कि वह शो के निर्माता द्वारा उत्पीड़न के कारण डिप्रेशन और एंग्जाइटी से जूझ रही हैं।उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि जब उनकी हेल्थ ठीक नहीं थी, तो उन्हें मेकअप रूम में बंद कर दिया गया था। उन्हें प्रोड्यूसर्स से धमकी मिली, जिस कारण वह बोलने से डरती रहीं। दोबारा ऐसी चीज न हो, इसके डर से वह नए प्रोजेक्ट साइन करने से बच रही हैं।कृष्णा ने पोस्ट में लिखा, ‘मुझमें कभी अपने दिल की बात कहने की हिम्मत नहीं थी, लेकिन आज मैंने फैसला किया कि अब इसे अब और अपने अंदर नहीं रखूंगी। मैं मुश्किल दौर से गुजर रही हूं और पिछला डेढ़ साल मेरे लिए बिल्कुल भी आसान नहीं था। मैं परेशान हूं और जब मैं अकेली होती हूं तो दिल खोलकर रोती हूं। यह सब तब शुरू हुआ, जब मैंने दंगल टीवी के लिए अपना आखिरी शो ‘शुभ शगुन’ करना शुरू किया। यह मेरी जिंदगी का सबसे बेकार फैसला रहा है।’
