जयपुर। राजधानी जयपुर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुरलीपुरा, बेनाड़ रोड और दादी की फाटक सहित आसपास के क्षेत्रों को जोड़ने वाला सीतावाली फाटक रेलवे अंडरपास बनकर तैयार हो गया है। करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना का लाभ प्रतिदिन लगभग 50 हजार वाहन चालकों को मिलेगा।

दिसंबर 2025 में शुरू हुए इस प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य 10 महीने में पूरा कर लिया गया है। दीपावली के बाद इसे आमजन को समर्पित करने की तैयारी चल रही है। अंडरपास शुरू होने से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी।

रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही के कारण सीतावाली फाटक दिनभर में करीब 20 बार बंद होता है। इसके चलते वाहन चालकों को प्रतिचक्कर औसतन 20 से 30 मिनट तक इंतजार करना पड़ता है। अंडरपास शुरू होने के बाद फाटक पर रुकने की समस्या समाप्त होगी और लोगों का समय भी बचेगा।

परियोजना में दो लेन का अंडरपास बनाया गया है। इसके साथ ही नाड़ी के फाटक पर फोरलेन आरओबी का निर्माण भी किया जा रहा है, जिस पर करीब 86.89 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
इसके अलावा बरसात के दौरान बेनाड़ रोड और फाटक के आसपास होने वाले जलभराव की समस्या को ध्यान में रखते हुए परियोजना में ड्रेनेज प्लान भी शामिल किया गया है।
इस अंडरपास के शुरू होने से क्षेत्र के हजारों वाहन चालकों को जाम से राहत मिलेगी और जयपुर की यातायात व्यवस्था को नई गति मिलेगी।


