आयुष्मान खुराना और सारा अली खान ने जयपुर में राजस्थानी रंग में रंगकर दिखाया ‘उड़ता तीर’ वाला अंदाज
जयपुर। फिल्म ‘उड़ता तीर’ के प्रमोशन के लिए जयपुर पहुँचे आयुष्मान खुराना और सारा अली खान का गुलाबी नगरी में जोरदार स्वागत हुआ। दिन की शुरुआत धर्मा प्रोडक्शंस और सिख्या एंटरटेनमेंट की फिल्म ‘उड़ता तीर’ का ट्रेलर मीडिया को दिखाने के साथ हुई। इसके बाद शहर की एक खूबसूरत जगह पर दोनों कलाकारों ने तस्वीरें खिंचवाईं। फिर दोनों ने राजस्थान की संस्कृति का आनंद लिया। पारंपरिक कठपुतली शो देखते हुए वे कलाकारों के साथ झूमते नजर आए और अपनी मस्ती से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

इसके बाद कालबेलिया नृत्य की शानदार प्रस्तुति हुई, जिसमें आयुष्मान और सारा भी नर्तकों के साथ शामिल हुए और राजस्थानी रंग में रंग गए। मजेदार खेलों से लेकर हँसी-मजाक और शायरी तक, दोनों ने मीडिया के साथ खूब मस्ती की और इस कार्यक्रम को यादगार बना दिया। कार्यक्रम खत्म होने से पहले दोनों कलाकारों ने दर्शकों से ‘उड़ता तीर’ को बड़े पर्दे पर देखने की अपील की। यह फिल्म 23 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।

धर्मा प्रोडक्शंस और सिख्या एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन हैं। फिल्म में आयुष्मान खुराना और सारा अली खान के साथ रघुबीर यादव, बृजेंद्र काला, गुलशन ग्रोवर, सुहैल नैय्यर, राहुल बोस, मुकुल देव, राम कपूर और सुप्रिया पिलगांवकर भी नजर आएँगे। आकाश ए. कौशिक के लेखन और निर्देशन में बनी ‘उड़ता तीर’ 23 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।


