जैतारण। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को जैतारण में निकाय चुनावों में भाजपा को मिली जीत के लिए जनता का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 200 नगरीय निकायों में बोर्ड बनाकर इतिहास रच दिया है। इसी जीत को आगे बढ़ाते हुए भाजपा पंचायत चुनाव भी पूरी ताकत से लड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी चुनाव आते हैं, कांग्रेस जनता को बरगलाती थी। इनके नेेता चुनाव से पहले शेखावाटी में यमुना जल समझौते के बोर्ड लगाते थे। दशकों तक यही चला। कांग्रेस ने केवल झूठ बोला और लूटा। ये लोग तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार में पूरी तरह से डूबे हुए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय में 5 वर्षों तक पंचायत और निकाय के चुनाव होते रहते थे। क्या जनता का इसमें पैसा खर्च नहीं होता था? हमारी सरकार ने वन स्टेट-वन इलेक्शन करवाकर गरीब, किसान, मजदूर की कमाई का पैसा बचाया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं के रोजगार के सपनों को तोड़ा, जबकि हमारी सरकार ने 1 लाख 88 हजार से अधिक नियुक्तियां दी हैं।
सेवा संकल्प यात्रा ऐतिहासिक, प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करेंगे युवा – मुख्यमंत्री
इससे पहले मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प यात्रा के सेवा यात्रियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा बाइक रैली को रवाना किया। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत का दुनियाभर में गौरव बढ़ा है। 2014 से पहले हमारा देश आतंकवाद, नक्सलवाद, भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण से प्रभावित था और लाखों-करोड़ों के घोटाले होते थे। लेकिन जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की कमान संभाली, स्थितियां पूरी तरह से बदल गई। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के कार्यकाल में एक भी दाग नहीं लगा है। ऐसा नेतृत्व सदियों में मिलता है और हम सौभाग्यशाली हैं कि उनके नेतृत्व में काम करने का अवसर मिला है।
उन्होंने वडनगर से वाराणसी जा रही सेवा संकल्प यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक यात्रा उनकी जन्मभूमि से कर्मभूमि तक जा रही है। मेरा सौभाग्य है कि मैं उन युवा प्रतिभागियों से संवाद कर रहा हूं, जो इस यात्रा को आगे लेकर जा रहे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि देश के युवा प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करेंगे।
निकाय चुनावों में मिली ऐतिहासिक जीत, पंचायत चुनाव पूरी ताकत से लड़ेंगे- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा


