जेवर एयरपोर्ट से दो किमी दूर हादसा, 35 यात्री थे सवार; खिड़कियां तोड़कर कई ने बचाई जान
नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में प्राइवेट स्लीपर एसी बस आग की चपेट में आ गई। हादसे में बस में सवार नौ यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई। बस में करीब 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कई यात्रियों ने बस की खिड़कियां तोड़कर बाहर छलांग लगाई और अपनी जान बचाई।
हादसा रात करीब 12 बजे जेवर एयरपोर्ट से लगभग दो किलोमीटर दूर यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुआ। आग लगने के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने चीख-पुकार के बीच बाहर निकलने की कोशिश की। देखते ही देखते बस आग की लपटों से घिर गई। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद बस के अंदर तलाशी अभियान चलाया गया। हादसे में झुलसे यात्रियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
खिड़कियां तोड़कर बाहर निकले यात्री
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही बस के अंदर धुआं भर गया। स्लीपर बस होने के कारण यात्रियों को बाहर निकलने में काफी परेशानी हुई। कई यात्रियों ने आपात स्थिति में खिड़कियों के शीशे तोड़े और किसी तरह बस से बाहर निकलकर जान बचाई। कुछ यात्री गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे के बाद यमुना एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य के साथ यातायात व्यवस्था संभाली। आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां हादसे की जांच कर रही हैं। बस में आग कैसे लगी और इतनी तेजी से कैसे फैली, इसकी भी जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि हादसे में मृतकों और घायलों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। बस के यात्रियों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है, ताकि मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दी जा सके। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
यमुना एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर बस में भीषण आग, 9 यात्री जिंदा जले


