ऑनलाइन क्रिकेट मैच पर दांव लगवाने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और मोबाइल बरामद
जयपुर। बाड़मेर जिला पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना के नेतृत्व में बाड़मेर पुलिस ने अवैध गतिविधियों और जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कोतवाली पुलिस की टीम ने ऑनलाइन क्रिकेट मैच पर सट्टा लगवाने वाले एक शातिर बुकी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से बरामद की गई 17 लाख 50 हजार रुपये नकदी जो सट्टेबाजी के माध्यम से एकत्र की गई थी, जब्त की गई।
एसपी मीना ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दीपक उर्फ दिलीप कुमार (45) निवासी महावीर नगर लोगों को कम समय में अधिक पैसा कमाने का झांसा देकर उन्हें ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे की दलदल में धकेलता था। आरोपी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेस के माध्यम से सट्टे की आईडी बनाकर ग्राहकों को उपलब्ध कराता था और मैचों की हर गेंद और रन पर दांव लगवाता था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य और वृताधिकारी रमेश कुमार शर्मा के सुपरविजन में कोतवाली थानाधिकारी मनोज कुमार ने इस नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए विशेष रणनीति तैयार की थी।
सुनसान सड़क पर चल रहा था सट्टे का खेल
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में कोतवाली थाने के उप निरीक्षक गोविंदराम और कांस्टेबल नाहर सिंह की विशेष भूमिका रही। पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि आदर्श स्टेडियम के पीछे, आकाशवाणी सेंटर की ओर जाने वाली सुनसान सड़क पर सट्टे का अवैध कारोबार संचालित हो रहा है। सूचना की तस्दीक होने पर टीम ने 13 मार्च की रात को घेराबंदी कर आरोपी को दस्तयाब किया। गहन पूछताछ के बाद आरोपी के पास से सट्टे में प्रयुक्त मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और भारी मात्रा में नकद राशि बरामद की गई।
कोतवाली पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज करते हुए अभियुक्त के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, आईटी एक्ट और आरपीजीओ एक्ट के तहत कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस सट्टा नेटवर्क के तार और किन-किन शहरों या बड़े बुकीज से जुड़े हुए हैं। इस सफल कार्यवाही में उप निरीक्षक गोविंदराम सहित कांस्टेबल रामचंद्र, दिनेश कुमार, अर्जुन सिंह, दामोदर और प्रकाश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बाड़मेर कोतवाली पुलिस का सट्टा किंग पर तीखा प्रहार: साढ़े सत्रह लाख की नकदी सहित बुकी गिरफ्तार
